Narendra Modi: मणिपुर चुनावः पूर्वोत्तर की भावनाओं को कभी समझ नहीं पाई कांग्रेसः प्रधानमंत्री मोदी

नई दिल्ली, 22 फरवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मणिपुर में चुनावी जनसभा के दौरान कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वह पूर्वोत्तर के लोगों की भावनाओं और तकलीफों को कभी समझ नहीं पाई। इसके उलट, मौजूदा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पूर्वोत्तर को देश के विकास का ग्रोथ इंजन मानते हुए काम कर रही है।

प्रधानमंत्री मोदी ने मंगवार को हीनगांग में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर पूर्वोत्तर की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता मणिपुर आते हैं और बड़े-बड़े दावे करते हैं, लेकिन दूसरे राज्यों में पूर्वोत्तर भारत के पहनावे और संस्कृति का मजाक उड़ाते हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मणिपुर को पहाड़ियों और घाटियों के बीच बांटा और उस पर राजनीति की। उन्होंने इस क्षेत्र में कनेक्टिविटी के विकास और सुधार पर कभी काम नहीं किया। सच यह है कि कांग्रेस पूर्वोत्तर की जनता की भावनाओं और परेशानियों को कभी समझ ही नहीं सकी।

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि यह राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार है, जो पूर्वोत्तर को अष्ठ लक्ष्मी और भारत के विकास का ग्रोथ इंजन मानते हुए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर के लोगों की सेवा और सभी का विकास ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्राथमिकता है। हमारे लिए मणिपुर सहित पूरा क्षेत्र ईस्ट एशिया के साथ भारत के व्यापार-कारोबार का गेट-वे है। इसलिए भाजपा सरकार, मणिपुर को देश के रेल मैप पर लाई है। जीरीबाम को रेल से जुड़े हुए 5-6 साल हो चुके हैं। रेल संपर्क से क्षेत्र में पर्यटन में सुधार होगा। इससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।

मोदी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में राष्ट्रीय राजमार्ग कनेक्टिविटी में भी अभूतपूर्व काम हुआ है। पिछली सरकार के तहत केवल एक एनएच परियोजना पर काम किया गया था। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले जब रानी गाइदिन्ल्यू स्टेशन पर पहली गुड्स ट्रेन पहुंची थी, तो आप सभी के साथ मुझे भी बहुत खुशी हुई।

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि वह दिन दूर नहीं है, जब इंफाल तक रेल आएगी और रेल के जरिए पूरे देश से मणिपुर की जनता का संपर्क हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार, मणिपुर में रानी गाइदिन्ल्यू के नाम पर एक म्यूजियम भी बना रही है। इसमें मणिपुर की हर जनजाति का भी गौरव है, उसकी पहचान का गौरव है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज का आजादी की लड़ाई में अहम योगदान रहा है। भाजपा सरकार ने इस योगदान को भी सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने हर साल 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय किया है।

प्रधानमंत्री ने केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पीएम आवास योजना के तहत मणिपुर में 60 हजार से ज्यादा घर बनाए जा रहे हैं। इनमें से ज्यादातर पर मालिकाना हक महिलाओं का है। हर घर जल मिशन शुरू होने से पहले, मणिपुर में सिर्फ 25,000 घरेलू पाइप से पानी के कनेक्शन थे। आज मणिपुर में लगभग 3 लाख घरों में पाइप से पानी के कनेक्शन हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा बांस (बैंबू) किसानों और बैंबू इंडस्ट्री को, यहां के सुक्ष्म लघु और मध्यम उद्योग को प्रमोट कर रही है। इसके साथ ही बैंबू से जुड़े कानून में बदलाव भी हमारी ही सरकार ने किया है। हमारी सरकार ने जो मिशन ऑयल पाम शुरू किया है, उसका भी लाभ मणिपुर के किसानों को होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *