Hockey : खेलो इंडिया महिला हॉकी लीग में मप्र अकादमी ने साई-बी को 7-0 से हराकर की विजयी शुरुआत

भोपाल, 22 फरवरी (हि.स.)। खेलो इंडिया महिला हॉकी लीग-2021-22 (अंडर-21) का दूसरा चरण मंगलवार से शुरू हुआ। लीग का दूसरा चरण उत्तरप्रदेश की राजधानी लखनऊ में 28 फरवरी तक खेला जाएगा। इस लीग के ग्रुप-बी में मध्यप्रदेश राज्य महिला हॉकी अकादमी की टीम ने पहले दिन शानदार खेल दिखाते हुए साई-बी की टीम को एकतरफा मुकाबले में 7-0 से पराजित कर विजयी शुरुआत की।

प्रतियोगिता में मंगलवार को खेले गए मुकाबले में मप्र हॉकी अकादमी की खिलाड़ी साधना सेंगर ने पहले क्वार्टर के 6वें मिनट में फील्ड गोल कर टीम को 1-0 से बढ़त दिलाई। दूसरे क्वार्टर के 20वें मिनट में योगिता बोरा तथा 27वें मिनट में भूमिक्षा साहू ने एक-एक फील्ड गोल कर टीम को 3-0 से आगे कर दिया। मैच के तीसरे क्वार्टर के 37वें मिनट में अकादमी की खिलाड़ी ऋतिका सिंह ने पेनाल्टी कार्नर से एक गोल और 42वें मिनट में एक फील्ड गोल कर टीम को 5-0 की बढ़त दिलाई।

मैच के चौथे और अंतिम क्वार्टर में अकादमी की खिलाड़ी नीरज राणा ने 52वें तथा 55वें मिनट में टीम के लिए एक-एक फील्ड गोल किए। इस प्रकार म.प्र. हॉकी अकादमी ने यह मुकाबला 7-0 से जीत लिया। साई-बी की टीम एक भी गोल नहीं कर सकी।

उल्लेखनीय है कि खेलो इंडिया महिला हॉकी लीग का प्रथम चरण 15 से 21 दिसम्बर, 2021 तक नई दिल्ली में खेला गया था, जिसमें मप्र हॉकी अकादमी 12 अंकों के साथ ग्रुप-बी में दूसरे स्थान पर रही। खेलो इंडिया महिला हॉकी लीग-2021-22 (अंडर-21) दूसरे चरण के अंतर्गत बुधवार, 23 फरवरी को म.प्र. हॉकी अकादमी का मुकाबला स्पोर्ट्स होस्टल, भुवनेश्वर की टीम से अपरांह 03.15 बजे से प्रारंभ होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *