Challenging election : चुनौतियों भरा चुनाव: उत्तर प्रदेश में तीसरे चरण और पंजाब की सभी सीटों के लिए मतदान

नई दिल्ली, 20 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में राज्य के 16 जिलों की 59 विधानसभा सीटों पर रविवार सुबह 07 बजे से मतदान शुरू हो गया। जबकि पंजाब विधानसभा की सभी 117 सीटों के लिए मतदान सुबह 8 बजे से शुरू हुआ। सख्त कोरोना गाइड लाइन और कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच दोनों ही राज्यों में मतदान को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। उत्तर प्रदेश के तीसरे चरण के मतदान के लिए सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ देखी जा रही है।

उप्र में तीसरे चरण का मतदान

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण का मतदान रविवार सुबह 07 बजे शुरू हो गया। शाम 06 बजे तक मतदाता निर्धारित मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। इस चरण में 16 जिले हाथरस, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, कन्नौज, इटावा, ओरैया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर और महोबा की 59 विधानसभा सीटें शामिल हैं। इस दौर में 2.16 करोड़ मतदाता 627 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला कर रहे हैं।

इस चरण में कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर है, जिनमें करहल सीट से पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, जसवंतनगर सीट से सपा नेता शिवपाल यादव, सादाबाद से बीजेपी उम्मीदवार रामवीर उपाध्याय, महाराजपुर सीट से बीजेपी नेता व मंत्री सतीश महाना शामिल हैं। खासतौर पर समाजवादी पार्टी के लिए इस चरण का मतदान सबसे महत्वपूर्ण है क्योंकि यह उसके प्रभाव वाले इलाके में मतदान हो रहा है और इसी चरण में समाजवादी पार्टी के सबसे बड़े नेता अखिलेश यादव की चुनावी किस्मत का भी फैसला होगा। माना जा रहा है कि भाजपा के एसपी सिंह बघेल उन्हें करहल सीट से कड़ी टक्कर दे सकते हैं।

2017 के विधानसभा चुनाव में इन 59 सीटों में से 49 सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों में जीत दर्ज की थी। लेकिन इस बार सत्ताधारी भाजपा को विपक्षी समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बसपा से कड़ा मुकाबला मिलने की उम्मीद जतायी जा रही है।

पंजाब में कड़ा मुकाबला

पंजाब विधानसभा की सभी 117 सीटों पर रविवार सुबह 08 बजे मतदान शुरू हुआ। राज्य में काफी समय बाद एक साथ चार प्रमुख राजनीतिक दल सत्ता की दावेदारी के लिए चुनाव मैदान में हैं। जिसकी वजह से पंजाब का चुनावी संग्राम बेहद दिलचस्प हो गया है। सत्ताधारी कांग्रेस को आम आदमी पार्टी, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा-पीएलसी गठबंधन से कड़ी चुनौती मिल रही है।

राज्य के मतदाता इस बार चुनाव मैदान में डटे एक हजार 304 प्रत्याशियों की चुनावी किस्मत का फैसला करने के लिए मतदान कर रहे हैं। जिनमें लंबी सीट से प्रकाश सिंह बादल, जलालाबाद सीट से सुखवीर सिंह बादल, धूरी सीट से आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष भगवंत मान, अमृतसर पूर्व सीट से पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू, इसी सीट से बिक्रम मजीठिया, पटियाला शहरी सीट से अमरिंदर सिंह जैसे राज्य के कई राजनीतिक दिग्गज भाग्य आजमा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *