Arrested : श्रीलंका ने छह भारतीय मछुआरों को पकड़ा, अवैध शिकार का आरोप

कोलंबो, 19 फरवरी (हि.स.)। श्रीलंका की नौसेना ने एक बार फिर भारतीय मछुआरों पर अवैध शिकार का आरोप लगाकर कार्रवाई की है। श्रीलंकाई जल क्षेत्र में पहुंचे छह भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार करने के साथ उनकी नाव भी जब्त कर ली गयी है।

श्रीलंका की नौसेना ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा है कि जाफना के कोविलान के उत्तर पश्चिम में समुद्री गश्त के दौरान भारतीय मछुआरों को श्रीलंकाई जल क्षेत्र में पकड़ा गया है। बयान में कहा गया है कि श्रीलंका की नौसेना की उत्तरी कमान ने भारतीय मछुआरों की नाव जब्त करने के साथ उसमें सवार छह मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किये गए मछुआरों पर अवैध रूप से शिकार करने का आरोप लगाया गया है। श्रीलंका की नौसेना ने इस माह चौथी बार यह कार्रवाई की है। महीने के पहले दिन एक फरवरी को श्रीलंका ने 21 मछुआरों को गिरफ्तार किया था। इसके एक सप्ताह बाद यानी 8 फरवरी को 11 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार करने के साथ उनकी तीन नावें भी जब्त कर ली गयी थीं। पिछले सप्ताह, 13 फरवरी को श्रीलंका की नौ सेना दो नावों पर सवार 12 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया था। इनकी दोनों नावें भी जब्त कर ली गयी थीं। इन घटनाओं के बाद दोनों देशों के बीच मछुआरों का मुद्दा एक बार फिर गंभीर हो सकता है। पहले भी यह मसला भारत और श्रीलंका के बीच लगातार विवाद की वजह बनता रहा है। इसी महीने की शुरुआत में भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर और श्रीलंका के विदेश मंत्री जीएल पेयरिस के बीच दिल्ली में हुई मुलाकात में भी यह मुद्दा उठा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *