JP Nadda : सपा-बसपा-कांग्रेस राम मंदिर निर्माण में लगा रहे थे रोड़े : नड्डा

सुलतानपुर/अमेठी, 19 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने शनिवार को उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर, गौरीगंज एवं मुंशीगंज (अमेठी) में जन-सभाओं को संबोधित किया। उत्तर प्रदेश की जनता से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रचंड बहुमत से भाजपा की योगी आदित्यनाथ सरकार बनाने का आह्वान किया। कभी कांग्रेस का गढ़ कहे जाने वाले इस क्षेत्र में पूरे भाषण के दौरान नड्डा के निशाने पर समूचा विपक्ष रहा।

नड्डा ने कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस में अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के सामने जाने की हिम्मत ही नहीं है। उन्होंने यूपी की जनता के लिए कभी कुछ भी किया ही नहीं है। यह जातिवादी और परिवारवादी लोग हैं। इन्हें केवल एक परिवार का भला करना आता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रिपोर्ट कार्ड की संस्कृति को जनता के बीच प्रतिष्ठित किया है। मोदी के नेतृत्व में हमारा रास्ता है समग्र यूपी के विकास का। जबकि सपा, बसपा और कांग्रेस का नारा है केवल अपने एक परिवार के विकास का। एक समय था जब सपा के एक ही परिवार के लगभग 45 लोग एक साथ किसी न किसी संवैधानिक पद पर थे। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में अब न भारतीयता बची है और न ही यह राष्ट्रीय पार्टी ही रह गई है। कांग्रेस अब भाई-बहन की क्षेत्रीय पार्टी बन कर रह गई है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस ने आजादी से लेकर आज तक केवल और केवल तुष्टिकरण की ही राजनीति की है। देश की संस्कृति को अपमानित करने का काम किया। मोदी के नेतृत्व वाली योगी आदित्यनाथ सरकार में आज अयोध्या में अति भव्य दीपोत्सव मनाया जा रहा है। मथुरा में भव्य श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। दिव्य एवं भव्य कुंभ का आयोजन हो रहा है। वाराणसी में श्रीकाशी विश्वनाथ धाम का लोकार्पण हुआ है। मां विंध्यवासिनी कॉरिडोर बन रहा है। रामायण, बुद्ध, महावीर, सूफी, जैन और महाभारत सर्किट बन रहा है। आज से पहले यूपी में ऐसा नहीं हुआ ? नेतृत्व सही होता है तब संस्कृति को सम्मान मिलता है।

नड्डा ने कहा कि भाजपा इस विधान सभा चुनाव में किसी को विधायक, मंत्री अथवा मुख्यमंत्री बनाने के लिए नहीं आई है। बल्कि उत्तर प्रदेश की तस्वीर एवं तकदीर बदलने आई है। यह वही सपा है जिसने निर्दोष रामभक्तों पर गोलियां चलाई थी। यह वही कांग्रेस पार्टी है जिसने भव्य श्रीराम मंदिर को बनने से रोकने के लिए इस मुद्दे को अटकाने, लटकाने और भटकाने का अथक प्रयास किया था। अदालत में कांग्रेस के वकील कहते थे कि इस मामले को लटकाए रखिये नहीं तो इससे भाजपा को फायदा पहुंच जाएगा। हालत यह हो गया कि भगवान् श्रीराम के भव्य मंदिर के निर्माण को अटकाने, लटकाने और भटकाने वाले सपा, बसपा और कांग्रेस के नेता खुद ही लटक गए, भटक गए और जनता से विमुख हो गए। प्रधानमंत्री मोदी ने धारा 370 को ख़त्म कर जम्मू-कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाया, ट्रिपल तलाक को ख़त्म कर मुस्लिम महिलाओं को इस अभिशाप से मुक्ति दिलाई और अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर रामलला के भव्य मंदिर का शिलान्यास किया। इसके अलावा जेपी नड्डा ने केन्द्र की नरेन्द्र मोदी और प्रदेश की योगी सरकार के कार्यों को भी जनता के बीच रखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *