Selected : मप्र के आर्यन सेन और प्रज्ञा सिंह का एशियन फेंसिंग चैंपियनशिप के लिए चयन

भोपाल, 19 फरवरी (हि.स.)। मप्र राज्य फेंसिंग अकादमी के खिलाड़ी आर्यन सेन और प्रज्ञा सिंह एशियन फेंसिंग चैंपियनशिप के ईपी इवेन्ट में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। एशियन फेंसिंग चैंपियनशिप का आयोजन 24 फरवरी से 3 मार्च तक उज्बेकिस्तान के ताशकंद में होने जा रहा है। मप्र अकादमी के दोनों खिलाड़ियों का 12 सदस्यीय भारतीय दल में चयन हुआ है।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने शनिवार को उक्त जानकारी दी। प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने दोनों चयनित खिलाड़ियों को बधाई दी है। उन्होंने खिलाड़ियों को अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित करते हुए शुभकामनाएं भी दी।

बतादें कि मप्र राज्य फेंसिंग अकादमी की खिलाड़ी प्रज्ञा सिंह हाल ही में सीनियर ग्रांप्री-2022 में भारतीय टीम का हिस्सा रही हैं। यह प्रतियोगिता कतर में खेली गई थी। किसान की बेटी प्रज्ञा सिंह राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अब तक 11 पदक जीत चुकी हैं। वहीं, राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में छह पदक जीत चुके आर्यन थाईलैंड अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

उल्लेखनीय है कि दोनों ही खिलाड़ी विगत वर्षों से फेंसिंग अकादमी में मुख्य प्रशिक्षक भूपेंद्र सिंह चौहान के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण हासिल कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *