Varsha Gaikwad : लोकशाही को बचाने के लिए कांग्रेस को करें मतदान : वर्षा गायकवाड़

कानपुर, 17 फरवरी (हि.स.)। जनता से जुड़े मुद्दों यानी शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार आदि पर कांग्रेस ने सदैव राजनीति की है। यही हमारी लोकतांत्रिक राजनीति है, लेकिन देखा जा रहा है कि भाजपा धार्मिक और जातीयता की राजनीति कर समाज को बांटकर सत्ता पाने का सदैव प्रयास करती है। ऐसी राजनीति भारतीय लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। इस बार के विधान सभा चुनाव में लोकशाही को बचाने के लिए कांग्रेस को जरुर मतदान करें। यह बातें गुरुवार को कानपुर पहुंची महाराष्ट्र सरकार की शिक्षा मंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता वर्षा गायकवाड़ ने कही।

कैबिनेट मंत्री वर्षा गायकवाड़ गुरुवार को कानपुर पहुंची और कैंट सीट से पार्टी के उम्मीदवार सुहैल अख्तर अंसारी के पक्ष में जनसभा की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पांच साल में 12 लाख पद नहीं भर पाए। इससे बेरोजगार युवकों की संख्या बराबर बढ़ती जा रही है और जब बेरोजगार युवक रोजगार मांगते हैं तो उन पर लाठियां चलाई जाती है। कांग्रेस सदैव लोकहित के मुद्दों पर राजनीति करती है और भाजपा के लोग धार्मिक राजनीति करती है। सड़क, सुरक्षा, बेरोजगार पर यह लोग बात नहीं करते। महिलाओं के साथ क्या हो रहा है, यह इनको नहीं दिखता। उन्नाव में युवती के साथ क्या हुआ सबने देखा। हमे यह सोचना होगा। उन्नाव में लड़की की दो पोस्ट मार्टम रिपोर्ट आयी। हम उत्तर प्रदेश में घूम रहे हैं तो सब दिखाई दे रहा है। लेकिन योगी जी हवाई जहाज में घूमते हैं उन्हें धरातल पर क्या हो रहा है पता नहीं। कानपुर एक समय उद्योग के लिए जाना जाता था और आज हालत यह है कि यहां का व्यापार नाममात्र का रह गया।

चुनाव में याद आते हैं शाहरुख और आमिर

उन्होंने कहा कि सरकार को उद्योग बनाना चाहिये। हम चाहते हैं सुरक्षा, बेरोजगारी, व्यापार, महिला सशक्तिकरण आदि पर काम हो। जब चुनाव आता है तभी शाहरुख, आमिर और हिजाब क्यों याद आता है। जो सोच रहे हैं कि हम कही नहीं है तो वह गलत हैं। अंग्रेज भी यही सोचते थे लेकिन जब देश एक हो गया तो अंग्रेजों को भागना पड़ा। मुझे एकता चाहिए ताकि हम मिलकर लोगों की तकदीर बदल सकें।

सुहैल ने कराया विकास

वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि सुहैल ने सभी जगह काम कराया यही कांग्रेस हैं। आपके रिश्तेदार बाहर हैं तो उनसे भी कहिए और कांग्रेस को वोट दिलाइए। बाबा साहब ने संविधान बनाया। उसने हमें बराबरी का अवसर दिया है। वोट भी उसी में एक है उसे बर्बाद मत करना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *