FIR registered : सामाजिक कार्यकता निखत परवीन पर अराजक तत्वों ने किया हमला, प्राथमिकी दर्ज

लखनऊ, 17 फरवरी (हि.स.)। सामाजिक कार्यकर्ता एवं मुस्लिम राष्ट्रीय मंच की मध्य उत्तर प्रदेश की संयोजिका निखत परवीन पर गुरुवार को लखनऊ के चौक चौराहे पर अराजक तत्वों ने हमला किया। हमले में निखत परवीन और उनके बेटे अमान को गंभीर चोटें आयी हैं। हमलावरों के खिलाफ चौक थाने में नामजद एफआईआर की गयी है। हमलावरों की पहचान राशिद उर्फ साजिद, मुजफ्फर हुसैन और मुशर्रफ हुसैन के रूप में हुई है।

निखत परवीन मुस्लिम राष्ट्रीय मंच की मध्य उत्तर प्रदेश की संयोजिका हैं। वह लखनऊ ठाकुर गंज थाना के अस्करी मंज़िल रोशनाबाद अहिरनखेड़ा में रहती हैं। वह एक संस्था और मदरसा भी चलाती हैं, जिसमें गरीब मुस्लिम बच्चियों को शिक्षा देने का काम करती हैं। कैम्पवेल रोड स्थित संस्कार लान में गुरुवार को मतदाता जागरण के लिए एक मुस्लिम कॉन्फ्रेन्स का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य एवं मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के संरक्षक इन्द्रेश कुमार उपस्थित थे। इस कार्यक्रम की संयोजिका निखत परवीन थीं। परवीन को बुधवार को भी धमकी मिली थी।

निखत परवीन ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि वे मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के साथ जुड़कर संगठन का काम करती हैं। कुछ कट्टरपंथी लोगों को यह अच्छा नहीं लगता। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व 18 जुलाई को भी उनके घर में घुसकर अराजक तत्वों ने हमला किया था। इसकी भी शिकायत थाने में हमने की थी, लेकिन स्थानीय पुलिस ने संतोषजनक कार्रवाई नहीं की। परवीन ने बताया कि हमलावर अबूबकर के साथ के रहने वाले लड़के हैं। इन लोगों ने पहले भी हमला कराया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *