Sikkim : सिक्किम: प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों के लिए पर्यटकों को कुछ दिन और करना होगा इंतजार

गंगटोक, 17 फरवरी (हि.स.)। सिक्किम के खूबसूरत बर्फ से ढके पहाड़ों का आनंद उठाने आए पर्यटकों को कुछ और दिन इंतजार करना होगा। पर्यटकों को सिक्किम के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों जैसे छांगु, बाबा मंदिर, नाथुला, गुरुदोंगमार, लाचेन, युमथांग जाने के लिए परमिट जारी नहीं किए जाएंगे, क्योंकि अभी बर्फ नहीं पिघली है।

राजधानी गंगटोक के पर्यटन हितधारकों, पर्यटन विभाग के अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों की एक टीम ने आगामी पर्यटन सीजन के मद्देनजर छांगु जाने वाले जवाहरलाल नेहरू मार्ग अंतर्गत 15 मील तक निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया है। पर्यटन हितधारक फुरबा शेरपा ने बताया निरीक्षण भ्रमण में पाया गया कि सड़क पर अभी भी बर्फ जमा होने के कारण इसे साफ करने में समय लग रहा है। उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि इस बार अच्छी बर्फबारी होने के कारण आगामी पर्यटन सीजन काफी अच्छा रहेगा।

उधर, सिक्किम पुलिस के परमिट सेल के प्रभारी निरीक्षक किंगा तारचेन भोटिया ने कहा कि कल पर्यटन हितधारकों के साथ किए गए निरीक्षण के अनुसार आज पर्यटकों को 15 मील तक जाने की अनुमति दी गई थी लेकिन कल रात फिर बर्फबारी होने के कारण अनुमति रद्द कर दी गई। उन्होंने कहा कि भारी हिमपात के कारण पूर्वी और उत्तरी सिक्किम के पर्यटन स्थलों की ओर जाने वाले मार्ग को अभी तक पूरी तरह से खोला नहीं गया है। उन्होंने कहा कि कुछ और दिनों तक इंतजार करने की जरूरत है, क्योंकि भारी बर्फबारी के कारण पर्यटक वाहनों का आना-जाना सुरक्षित नहीं है।

पर्यटक वाहनों को इन पर्यटन स्थलों पर जाने पर करीब डेढ़ महीने से रोक लगा दी गई है। हालांकि, सरकारी वाहनों, सेना, सीमा सड़क संगठन और स्थानीय सेवा वाहनों को आवाजाही से छूट दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *