Earthquake: न स्कूल न अस्पताल: छह माह बाद भी भूकंप के दंश से उबर नहीं सका हैती

पोर्ट-ऑ-प्रिंस, 17 फ़रवरी (हि.स.)। कैरेबियाई देश हैती भीषण भूकंप से हुई तबाही के छह माह बाद भी उबर नहीं सका है। इसे देखते हुए संयुक्त राष्ट्र संघ ने अब हैती में पुनर्निर्माण व जनजीवन की बहाली के लिए मुहिम शुरू की है। हैती के लिए दो अरब डॉलर राशि जुटाने का लक्ष्य लेकर आयोजित अंतरराष्ट्रीय संकल्प सम्मेलन में संयुक्त राष्ट्र संघ की उपमहासचिव आमिना मोहम्मद ने वहां स्कूल व अस्पतालों की दुर्व्यवस्था पर ध्यान आकृष्ट कराते हुए दुनिया से मदद की अपील की।

14 अगस्त 2021 को हैती के दक्षिण-पश्चिम इलाके में रिक्टर पैमाने पर 7.2 की तीव्रता वाले भूकंप ने व्यापक पैमाने पर तबाही मचायी थी। भूकंप के कारण दो हजार से अधिक लोगों की मौत हुई थी और 13 हज़ार से ज़्यादा लोग घायल हुए थे। इससे हैती के बुनियादी ढाँचे को भी भीषण क्षति पहुँची थी। एक लाख 37 हज़ार से अधिक मकान क्षतिग्रस्त या ध्वस्त हुए थे और तीन लाख विद्यार्थी आजतक स्कूल नहीं लौट सके हैं।

संयुक्त राष्ट्र संघ की उपमहासचिव आमिना मोहम्मद के अनुसार हैती एकबार फिर चौराहे पर खड़ा है। वहां 95 से अधिक अस्पताल बंद हो गए हैं। सड़कें टूट जाने के कारण भूकंप प्रभावित इलाकों तक सहायता पहुंचाना कठिन हो रहा है। उन्होंने कहा कि पुनर्निर्माण पर दो अरब डॉलर खर्च का अनुमान है। इसमें आधी से अधिक राशि से लोगों के घर बनाकर उनका पुनर्वास किया जाएगा। 40 करोड़ डॉलर शिक्षा व्यवस्था, चार करोड़ डॉलर स्वास्थ्य व्यवस्था सुदृढ़ करने पर खर्च किये जाएंगे। इनके अलावा खाद्य सुरक्षा कार्यक्रमों के लिए साढ़े पाँच करोड़ डॉलर की ज़रूरत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *