Punjab politics : प्रवासियों के बारे में चन्नी के बयान पर पंजाब की राजनीति में नया विवाद

चंडीगढ़, 16 फरवरी (हि.स.)। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के उस बयान पर पंजाब की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है जिसमें चन्नी ने पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी की मौजूदगी में उत्तर प्रदेश व बिहार से पंजाब आने वाले लोगों को ‘भईया’ कहा है।

पंजाब के लुधियाना, रोपड़, जालंधर आदि जिलों में उत्तर प्रदेश व बिहार से आने वाले लोग बड़ी संख्या में रहते हैं। कई जिलों में तो यूपी व बिहार से आए लोग न केवल नगर परिषदों में पार्षद हैं बल्कि विधायक तक भी पहुंच चुके हैं लेकिन चन्नी के बयान ने विरोधियों को मौका दे दिया है।

प्रिंयका गांधी मंगलवार को पंजाब के रोपड़ में थी। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भी थे। पंजाब में रैलियोंं के दौरान प्रिंयका गांधी ने खुद को पंजाब की बहू होने तथा बच्चों के रगों में पंजाबियों का खून होने का दावा करते हुए खुद को पंजाब से जोड़ा। इस दौरान उत्साहित हुए चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि ‘यूपी दे, बिहार दे, दिल्ली दे भइये आके इते राज नई करदे।’ इसके बाद वहां मौजूद लोगों समेत खुद प्रियंका गांधी ने ताली बजाई।

चन्नी के इस बयान पर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह बहुत ही शर्मनाक है। हम किसी व्यक्ति या किसी विशेष समुदाय के उद्देश्य से की गई टिप्पणियों की कड़ी निंदा करते हैं। प्रियंका गांधी भी यूपी से ताल्लुक रखती हैं, वह भी भैया हैं।

भाजपा महासचिव सुभाष शर्मा ने कहा कि चुनाव हार रही कांग्रेस के नेता अब पूरी तरह से बौखलाहट में हैं। वह अनाप-शनाप बयान देकर पंजाब का भाईचारा खत्म करना चाहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *