Delhi Police : 75वें स्थापना दिवस पर दिल्ली पुलिस जारी करेगी नया लोगो

नई दिल्ली, 15 फरवरी (हि.स)। दिल्ली पुलिस अपने 75वें स्थापना दिवस के मौके पर अपना लोगो बदलने जा रही है। दिल्ली पुलिस के सभी कर्मचारियों को नया लोगो लगाने के निर्देश पुलिस कमिश्नर राकेश अस्थाना की तरफ से दिए गए हैं। इसमें कहा गया है कि सभी वरिष्ठ अधिकारी अब अपनी वर्दी की दाहिनी तरफ नेम प्लेट के साथ एक नया प्रतीक चिन्ह लगाएंगे।

पुलिस के अनुसार, 16 फरवरी 1948 को पंजाब पुलिस से अलग दिल्ली पुलिस की स्थापना की गई थी। इसके बाद से प्रत्येक 16 फरवरी को दिल्ली पुलिस अपना स्थापना दिवस मनाती है। इस बार 16 फरवरी को दिल्ली पुलिस अपना 75वां स्थापना दिवस मनाने जा रही है।

किंग्सवे कैंप (पुलिस लाइन) में इसको लेकर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर दिल्ली पुलिस द्वारा दो नए लोगो लॉन्च किए जा रहे हैं। पुलिस द्वारा बनाया गया नया लोगो लाल और नीले रंग का है। इसके बीच में इंडिया गेट बना हुआ है। इसके ऊपरी हिस्से में जहां दिल्ली पुलिस लिखा हुआ है तो वहीं नीचे की तरफ “फोर द नेशनल कैपिटल” लिखा हुआ है। इसमें दिल्ली पुलिस का स्लोगन “शांति सेवा न्याय” भी लिखा गया है।

पुलिस के अनुसार, नया लोगो कढ़ाई और मेटल दो तरह के वर्जन में लॉन्च किया गया है। पुलिस कमिश्नर ने अपने निर्देश में कहा है कि 1954 में भारत के पहले राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद ने दिल्ली पुलिस को लाल और नीले रंग का प्रतीक चिन्ह भेंट किया था। इसलिए इस सम्मान को ध्यान में रखते हुए सभी पुलिसकर्मी प्रतीक चिन्ह को अपने बैच के साथ लगाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *