आईएसएल : ओडिशा से हिसाब चुकता करके चौथे स्थान पर पहुची मुंबई

गोवा, 14 फ़रवरी (हि.स.)। मुंबई सिटी एफसी रविवार रात फतोर्डा स्थित पंडित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में चैम्पियनों की तरफ खेली और इगोर अंगुलो और बिपिन सिंह की डबल स्ट्राइक के दमपर उसने ओडिशा एफसी को 4-1 से हरा दिया। इस जीत के साथ ही मौजूदा चैम्पियन मुंबई हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2021-22 की अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई है।

यह मुंबई सिटी की इस सीजन में सातवीं जीत रही और उसने तालिका में दो स्थानों की छलांग लगा ली है। कोच डेस बकिंगहम की टीम 15 मैचों में 25 अंक जुटा चुकी है। वहीं, अपनी सातवीं हार के बावजूद ओडिशा एफसी अंक तालिका में सातवें स्थान पर बनी हुई है। कोच किनो गार्सिया की टीम 16 मैचों में छह जीत और तीन ड्रा से 21 अंक जुटा चुकी है।

मैच का पहला गोल 41वें मिनट में आया, जब स्पेनिश स्ट्राइकर इगोर अंगुलो ने मुंबई सिटी एफसी को 1-0 से आगे कर दिया। दाहिने फ्लैंक से राइट बैक राहुल भेखे के क्रॉस पर इगोर ने जम्प करके हैडर से गेंद को गोलपोस्ट के बाएं किनारे की दिशा दे दी जबकि ओडिशा के गोलकीपर अर्शदीप सिंह अपने से दूर जाती गेंद को गोलजाल में उलझते हुए देखने के सिवाय कुछ नहीं कर सके। यह इगोर का इस सीजन में नौवां गोल है।

47वें मिनट में विंगर बिपिन सिंह ने गोल करके मुंबई सिटी की बढ़त को 2-0 कर दिया। मोरोक्कन डिफेंसिव अहमद जाहू ने मैदान के अटैकिंग थर्ड में लूज बॉल झपटने के बाद बिपिन को डी-बॉक्स के अंदर बायीं तरफ थ्रू-पास दिया। बिपिन ने तेजी से आगे दौड़ते हुए मुश्किल कोण से राइट फुटर शॉट लगाकर गेंद को गोलजाल में उलझा दिया जबकि तेजी आते इस शॉट को रोकने में गोलकीपर अर्शदीप नाकाम रहे।

70वें मिनट में इगोर अंगुलो ने अपना दूसरा और सीजन का दसवां गोल करके मुंबई की बढ़त को और मजबूती देते हुए स्कोर 3-0 कर दिया। मिडफील्ड से कैसिओ गैब्रियल ने बाएं फ्लैंक पर बिपिन सिंह के लिए क्रॉस डाला और इस विंगर ने गेंद नियंत्रित करने के बाद बॉक्स के अंदर थ्र-पास इगोर की ओर डाला। स्पेनिश स्ट्राइकर ने अपने लेफ्ट फुटर से गेंद को सेकेंड पोस्ट की दिशा दिखाकर गोलकीपर अर्शदीप को छका दिया।

73वें मिनट में बिपिन सिंह ने अपना दूसरा गोल करके मुंबई को 4-0 की लगभग अजेय बढ़त पर पहुंचा दिया। ब्राजीली अटैकिंग मिडफील्डर कैसिओ गैब्रियल तेज गति से हमला करते हुए गेंद लेकर डी-बॉक्स में घुस गए और फिर डिफेंडरों को छकाने के बाद उन्होंने गेंद को माइनस कर दिया, जो कि डिफेंडर से लगाने के बाद पीछे से आ रहे बिपिन के पैरों पर आई, जिसे उन्होंने राइट फुटर शॉट से गोलपोस्ट के अंदर डाल दिया। 90वें मिनट में जोनाथस क्रिस्टिआन ने ओडिसा एफसी के लिए सांत्वना गोल करके स्कोर 1-4 कर दिया। ब्राजीली स्ट्राइकर ने 18 गज के डी-बॉक्स के बाहर से राइट फुटर शॉट लगाकर गेंद को गोलजाल में उलझा दिया जबकि मुंबई के गोलकीपर मोहम्मद नवाज काफी कोशिश के बाद गेंद को अपने हाथों के ऊपर गोलजाल में जाने से नहीं रोक सके। यह उनका इस सीजन में सातवां गोल है।

आज के परिणाम के बाद इस सीजन में दोनों टीमों के बीच मुकाबला बराबर रहा और मुंबई ने पिछली हार का हिसाब भी चुकता कर दिया। क्योंकि पिछली बार सीजन के पहले चरण में जब ये दोनों टीमें आपस में भिड़ी थी, तो ओडिशा ने मुंबई को 4-2 से हराया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *