Delhi Capitals : आईपीएल नीलामी: खलील अहमद और चेतन सकारिया को दिल्ली कैपिटल्स ने खरीदा

बेंगलुरु, 13 फरवरी (हि.स.)। भारत के तेज गेंदबाज खलील अहमद और चेतन सकारिया इस बार इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलते नजर आएंगे। दोनों को आईपीएल 2022 की मेगा नीलामी में दिल्ली कैपिटल्स ने खरीद लिया है। खलील को दिल्ली कैपिटल्स ने 5.25 करोड़ तथा सकारिया को 4.20 करोड़ में खरीदा है। खलील पिछले सीजन सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से खेले थे, जबकि सकारिया राजस्थान रॉयल्स से खेले थे।

बेंगलुरु में चल रही इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 की मेगा नीलामी के दूसरे दिन दोनों खिलाड़ियों के लिए टीमों में जबरदस्त जंग देखने को मिली। कई टीमों ने दोनों खिलाड़ियों में रुचि दिखाई, लेकिन बाजी मारते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने दोनों की खरीद लिया।

खलील ने आईपीएल में अबतक 24 मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 24.56 के औसत और 8.69 की इकोनॉमी के साथ कुल 32 विकेट अपने नाम किए हैं। युवा चेतन सकारिया ने अब तक 14 ही मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 30.42 के औसत और 8.19 की इकोनॉमी के साथ कुल 14 विकेट अपने नाम किए हैं। इस युवा गेंदबाज ने अपनी गेंदबाजी से सभी को प्रभावित किया है।

भारतीय अनुभवी तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा को इस बार किसी भी टीम ने नहीं खरीदा है। ईशांत लगातार खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। ईशांत ने आईपीएल में अबतक कुल 93 मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 8.12 की इकोनॉमी के साथ कुल 72 विकेट हासिल किए हैं। दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी भी अनसोल्ड रहे। पिछले सीजन में वह चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेले थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *