IPL : आईपीएल नीलामी 2022: मार्करम को सनराइजर्स ने 2.60 करोड़ में खरीदा, मॉर्गन, फिंच और मलान रहे अनसोल्ड

बेंगलुरु, 13 फरवरी (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 की मेगा नीलामी का आज (रविवार) दूसरा दिन है। बेंगलुरु में हो रही नीलामी के दूसरे दिन पहली बोली दक्षिण अफ्रीका के एडेन मार्करम पर लगी। मार्करम को सनराइजर्स हैदराबाद ने 2.60 करोड़ रुपये में खरीदा है। पिछले सीजन में मार्करम पंजाब किंग्स की तरफ से खेले थे।

भारतीय अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे को उनके बेस प्राइस एक करोड़ पर कोलकाता नाइटराइडर्स ने अपने साथ जोड़ा है। पिछली बार वह दिल्ली कैपिटल्स से खेले थे। बल्लेबाज मंदीप सिंह को 1.10 करोड़ रुपये में दिल्ली कैपिटल्स ने खरीदा है। पिछली बार वह पंजाब किंग्स से खेले थे।

इंग्लैंड के बल्लेबाज डेविड मलान इस बार अनसोल्ड रहे। उनके अलावा ऑस्ट्रेलिया के मार्नस लाबुशेन, इंग्लैंड के कप्तान और आईपीएल के पिछले सीजन में कोलकाता को फाइनल तक पहुंचाने वाले इयोन मॉर्गन भी अनसोल्ड रहे। भारतीय बल्लेबाज सौरभ तिवारी भी अनसोल्ड रहे। सौरभ पिछले सीजन में मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे। ऑस्ट्रेलिया को हाल ही में टी-20 विश्व कप जिताने वाले कप्तान एरॉन फिंच भी नहीं बिके हैं।

उल्लेखनीय है कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी के पहले दिन 97 खिलाड़ियों पर बोली लगी।इनमें 74 खिलाड़ी बिके और 23 खिलाड़ियों को कोई खरीदार नहीं मिला। नीलामी में ईशान किशन को सबसे ज्यादा राशि मिली। उन्हें मुम्बई इंडियंस ने 15.25 करोड़ रुपये में खरीदा, जबकि दीपक चाहर को चेन्नई ने 14 करोड़ और श्रेयस अय्यर को कोलकाता नाइट राइडर्स ने 12.25 करोड़ में खरीदा। भारतीय तेज गेंदबाज आवेश खान आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी बने। उन्हें लखनऊ सुपर जाएंट्स ने दस करोड़ में खरीदा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *