Case registered : भाजपा नेता सोमैया का सम्मान करने वाले 350 कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज

मुंबई, 13 फरवरी (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष किरीट सोमैया का पुणे में सम्मान करने वाले 350 कार्यकर्ताओं के खिलाफ शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। इनमें पुणे शहर भाजपा अध्यक्ष जगदीश मुलीक, युवा मोर्चा अध्यक्ष बापू मानकर, पार्षद प्रदीप देसरडा, दत्ता खाड़े आदि शामिल हैं। मामले में अभी तक किसी भी कार्यकर्ता की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

जानकारी के अनुसार पुणे नगर निगम परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बगैर अनुमति के किरीट सोमैया को सम्मानित किया था और नगर निगम परिसर में नारेबाजी की थी। इस मामले में नगर निगम की शिकायत पर शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में शनिवार रात मामला दर्ज किया गया है। रविवार को इस मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी हो सकती है।

उल्लेखनीय है कि पुणे में जंबो कोरोना सेंटर में एक सौ करोड़ रुपये का घोटाले की शिकायत करने गए किरीट सोमैया पर शिवसेना कार्यकर्ताओं ने हमले का प्रयास किया था। शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन ने इस मामले में आठ शिवसेना कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया था। साथ ही इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित भी किया था। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने उसी जगह पर एक कार्यक्रम आयोजित करके किरीट सोमैया को सम्मानित किया था। मुंबई नगर निगम ने इस कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी थी। इस मौके पर कांग्रेस शहर अध्यक्ष मोहन जोशी ने कहा था कि सरकारी कार्यालय में इस तरह का कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जा सकता है। इसी वजह से शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन ने इस मामले में शनिवार रात मामला दर्ज किया है और रविवार को मामले की गहन छानबीन कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *