Mahendra Pandey : अपराधियों को संरक्षण देने में मुलायम से आगे निकले अखिलेश: महेन्द्र पांडेय

लखनऊ, 12 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री डॉ. महेन्द्र नाथ पांडेय ने शनिवार को सम्पूर्ण विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा और बसपा की सरकारों ने प्रदेश में जो सवाल छोड़े थे, मोदी-योगी की डबल इंजन की सरकार ने सबके जवाब दे दिए हैं। अखिलेश यादव ने तो अपराधियों को संरक्षण देने के मामले में मुलायम सिंह यादव को भी पीछे छोड़ दिया है।

डॉ. पांडेय ने भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि सपा मुखिया केवल बाहुबल बढ़ाने में लगे हैं। अपराधियों, माफिया को टिकट देकर उस उप्र को फिर से बदनाम करना चाहते हैं जिसकी तस्वीर पिछले पांच वर्षों में डबल इंजन की सरकार ने बेहतर बनाया है। वह हमारे एक इंजन को अलग करना चाहते हैं, लेकिन उनके पास कोई विजन नहीं है। इसलिए प्रदेश की जनता फिर भाजपा को जिता रही है। पहले चरण का चुनाव हो गया है। भाजपा के पक्ष में उत्साह दिखाई दे रहा है। योगी के प्रयासों की वजह से बहुत बड़ा जनमत मिलने जा रहे है।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में उत्तर प्रदेश देश में अग्रणी राज्य बना है। प्रधानमंत्री मोदी देश की पांच ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनाने की ओर बढ़ रहे हैं। योगी का अभिनंदन करूंगा, उन्होंने प्रदेश की इकोनॉमी को एक ट्रिलियन डॉलर का बनाने का वादा किया है। आज उत्तर प्रदेश देश की दूसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। इज ऑफ डूइंग बिजनेस में उत्तर प्रदेश 14वें से दूसरे स्थान पर आ गया है। प्रदेश में खूब निवेश आया। बिजली जीवन की सबसे बड़ी आवश्यकता होती है। बिजली कनेक्शन देने से लेकर सप्लाई करने में योगी सरकार ने नये कीर्तिमान स्थापित किये हैं। हाउस होल्ड विद्युत उपभोक्ता कई गुना बढ़कर दो करोड़ 98 लाख पहुंच गया।

केंद्र की सारी परियोजनाओं पर पिछली अखिलेश सरकार ने रोड़ा लगा कर रखा था। भाजपा के सभी सांसदों ने धरना दिया था। यह बहुत बड़ी बात थी कि कोई राज्य सरकार प्रदेश के विकास में रोड़े लगा रही है। अखिलेश सरकार में महज 60 हजार पीएम आवास रजिस्टर हो पाए थे। योगी सरकार ने 45 लाख प्रधानमंत्री आवास बनाये हैं। इस प्रकार से अखिलेश सरकार ने प्रदेशवासियों के हक मारने का काम किया था। यही नहीं, आज केंद्र की 45 योजनाओं में उत्तर प्रदेश पहले स्थान पर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने दशकों पुरानी परियोजनाओं को पूरा किया। प्रदेश में सरकार चलाने वाले और सरकार में आने की लालसा रखने वाले सपा और बसपा के लोग उप्र के विकास के लिए एक शब्द भी संसद में नहीं बोले। मनमोहन सरकार को समर्थन देते रहे। उत्तर प्रदेश पिछलग्गू राज्य बन गया था। मोदी अमित शाह की वजह से आज एक बार फिर उत्तर प्रदेश अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

इस मौके पर भाजपा के राज्यसभा सदस्य विनय सहस्रबुद्धे, प्रदेश प्रवक्ता हरिश्चंद्र श्रीवास्तव, राकेश त्रिपाठी, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *