राहुल के ट्वीट में पूर्वोत्तर की अनदेखी, त्रिपुरा में विरोध

अगरतला, 11 फरवरी (हि. स.) । कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ट्वीट का त्रिपुरा के मुख्यमंत्री समेत केंद्रीय मंत्री और भाजपा के शीर्ष नेताओं ने विरोध किया है। इन नेताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की बदौलत पूर्वोत्तर 70 साल की आजादी के बाद मुख्यधारा से जुड़ रहा है।

राहुल गांधी ने ट्वीट किया है- ‘एकता ही हमारी ताकत है। हमारी संस्कृति में एकता है। विविधता में एकता का उदय हुआ है। भाषा में भी एकता है। एकता है देश के लोगो में। कश्मीर से केरल तक। गुजरात से पश्चिम बंगाल तक। भारत अपने ही रंग में खूबसूरत है। भारत की आत्मा का अपमान मत करो।’ इस पर भाजपा नेताओं का कहना है कि राहुल की नजर में भारत कश्मीर से कन्याकुमारी और गुजरात से पश्चिम बंगाल तक सीमित है।

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री ने राहुल पर निशाना साधते हुए कहा, आपने प्रचार में हमारे खूबसूरत पूर्वोत्तर की उपेक्षा की है। जैसे आपके दादाजी ने हमारे क्षेत्र की उपेक्षा की। हम भी भारत के गौरवशाली अंग हैं। आपकी अज्ञानता ही पूर्वोत्तर से आपकी टीम के पूर्ण विनाश का कारण है।

केंद्रीय राज्यमंत्री और पश्चिम त्रिपुरा की सांसद प्रतिमा भौमिक ने ट्वीट में कहा कि सबसे बड़ा अपमान यह है कि राहुल गांधी अपनी आलोचना के बावजूद पूर्वोत्तर के राज्यों की अनदेखी कर रहे हैं। य कांग्रेस पार्टी के वास्तविक उद्देश्य को दर्शाता है। उन्होंने पूर्वोत्तर के लोगों की उपेक्षा की है और हमेशा करेंगे!

प्रतिभा ने लिखा है, मैं मणिपुर के लोगों से वोट पाने के कांग्रेस पार्टी के साहस पर चकित हूं, क्योंकि पार्टी के नेता देश के बारे में बात करते समय भारतीय संस्कृति के रत्न को भूल जाते हैं। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने बार-बार साबित किया है कि वह पूर्वोत्तर के विकास की सहभागी है।

राहुल गांधी के ट्वीट पर त्रिपुरा के सूचना एवं संस्कृति मंत्री सुशांत चौधरी ने कहा कि जो भारत की आत्मा का अपमान करे उसकी पहचान की जानी चाहिए। दुनिया जानती है कि भारत की विविध संस्कृति ने इतिहास रचा है। हमारी संस्कृति, जाति, धर्म, कश्मीर से कन्याकुमारी तक, गुजरात से उत्तर-पूर्व तक फैली हुई है। प्रत्येक राज्य की अपनी संस्कृति होती है। फिर भी हम एक हैं। और यही बात भारत को अन्य देशों से अलग करती है। प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में भारत की जनता ज्यादा सुरक्षित और महफूज है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ माणिक साहा का कहना है कि राहुल गांधी आपकी जानकारी के लिए बता देते हैं भारत न केवल कश्मीर से केरल तक और गुजरात से पश्चिम बंगाल तक सुंदर है। आप पूरे पूर्वोत्तर का जिक्र करना कैसे भूल गए? जिस तरह आपके पूर्वजों ने पूर्वोत्तर की उपेक्षा की, हम आपसे और क्या उम्मीद कर सकते हैं। यह आपकी ओर से शर्मनाक प्रदर्शन है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *