संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सीधे भिड़े रूस और अमेरिका के राजनयिक

बाइडन ने अमेरिकी नागरिकों से यूक्रेन छोड़ने को कहा

वाशिंगटन, 11 फरवरी (हि.स.)। यूक्रेन पर रूसी हमले की आशंका के बीच अमेरिका व रूस बार-बार सीधे विवाद में फंस रहे हैं। अब संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में रूस और अमेरिका के राजनयिक सीधे भिड़ गए। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने अमेरिकी नागरिकों से यूक्रेन छोड़ने को कहा है।

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में यूक्रेन संकट पर अमेरिकी प्रस्ताव पर बैठक हो रही है। यह बैठक बुलाने का प्रस्ताव अमेरिका की पहल पर ही पारित हुआ था। इस दौरान संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का माहौल उस वक्त तनावपूर्ण हो गया, जब अमेरिका और रूस के राजनयिक सीधे तौर पर बहस में भिड़ गए। रूस ने पश्चिमी देशों पर यूक्रेन को लेकर तनाव बढ़ाने का आरोप लगाया जबकि अमेरिका ने यूक्रेन की सीमा पर एक लाख रूसी सैनिकों के जमावड़े पर आपत्ति जताई।

रूसी राजदूत वासीली नेबेनजिया ने आरोप लगाया कि पश्चिमी देश यूक्रेन मुद्दे पर अनावश्यक तनाव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने विवादित क्षेत्र में नाजियों को सत्ता में बैठा दिया है। इसके जवाब में अमेरिकी राजदूत लिंडा थॉमस ग्रीनफील्ड ने यूक्रेन सीमा पर पर एक लाख से अधिक रूसी सैनिकों के एकत्रीकरण का आरोप लगा दिया। उन्होंने रूसी सैनिकों के एकत्रीकरण को पिछले कई दशकों में यूरोप की सबसे बड़ी घटना करार दिया। इस मसले पर दोनों देशों के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने अमेरिकी नागरिकों से तुरंत यूक्रेन छोड़ने को कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *