Rain : आसमान में छाएंगे घने बादल, बारिश की बनी संभावना

कानपुर, 08 फरवरी (हि.स.)। मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है और इसके पीछे हिमालय पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से आसामन में बादल छाएंगे और बारिश के भी आसार बने हुए हैं।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डा. एसएन सुनील पाण्डेय ने मंगलवार को बताया कि हिमालय के पास एक और पश्चिमी विक्षोभ फिर से सक्रिय होने जा रहा है। इसका असर मैदानी क्षेत्र यानी कानपुर परिक्षेत्र पर भी पड़ेगा। इससे बर्फीले हवाएं जहां आएंगी तो आसमान में बादल भी छाएंगे। इसके साथ ही बारिश की भी संभावना बुधवार से बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि ऐसे मौसम में किसानों भाइयों को सूचित किया जाता है कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग से प्राप्त मौसम पूर्वानुमान के अनुसार नौ और 10 फरवरी के मध्य मध्यम से घने बादल छाए रहने के कारण स्थानीय स्तर पर तेज हवाओं, गरज-चमक एवं ओलावृष्टि के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है। अत: किसानों को सूचित किया जाता है कि वे गेहूं, सरसों, आलू एवं जायद मक्का, ग्रीष्मकालीन सब्जियों की बुवाई एवं सिंचाई, खरपतवार नाशी, कीटनाशी एवं रोग नाशी का छिडकाव का कार्य स्थगित रखें साथ ही अत्याधिक बर्षा जल निकास का उचित प्रबन्ध करें एवं बारिश के दौरान घर से बाहर न निकले। बताया कि आज का अधिकतम तापमान 25.2 और न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *