Inaugurated : रायपुर : मंत्री डॉ. टेकाम ने देश के पहले आईडिया लैब का किया उद्घाटन

रायपुर, 8 फ़रवरी (हि.स.)। स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने आज छत्तीसगढ़ में देश के पहले एआईसीटीई आईडिया लैब का उद्घाटन किया।

शंकराचार्य इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल मैनेजमेंट एण्ड टेक्नोलॉजी कॉलेज रायपुर देश का पहला कॉलेज है, जहां आज अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) आईडिया लैब प्रारंभ हुआ है। इस लैब की स्थापना से छात्रों को रिसर्च एवं इनोवेशन के लिए बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उल्लेखनीय है कि एआईसीटीई ने रायपुर स्थित शंकराचार्य कॉलेज को आईडिया लैब स्थापित करने के लिए चुना है। पूरे देश से कई इंजीनियरिंग कॉलेजों ने आवेदन किया था, जिसमें 49 कॉलेजों को सिलेक्ट किया गया। इनमें से एक रायपुर का शंकराचार्य इंजीनियरिंग कॉलेज भी है।

मंत्री डॉ. टेकाम ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य के शंकराचार्य इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल मैनेजमेंट एण्ड टेक्नोलॉजी कॉलेज को एआईसीटीई की ओर से आईडिया लैब के लिए चुना जाना इस कॉलेज के लिए नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। छात्र इसका सही तरीके से उपयोग कर अपना भविष्य उज्वल बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों को विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित के बुनियादी सिद्धांतों को समझाने और प्रयोग करके व्यवहारिक अनुभव प्राप्त करने के उद्देश्य से आईडिया लैब की स्थापना की गई है। तकनीकी संस्थानों में पढ़ रहे विद्यार्थियों की कल्पना और सोच को मूर्त रूप देने में इस आईडिया लैब की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि शंकराचार्य इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल मैनेजमेंट एण्ड टेक्नोलॉजी का यह दायित्व होगा कि वे छात्रों की पहचान कर उन्हें लैब की सुविधा उपलब्ध कराएं।

कार्यक्रम को एडवाईजर इंस्टिट्यूशनल डेव्हलपमेंट सेल एआईसीटीई, महाविद्यालय के चेयरमेन आई.पी. मिश्रा, सचिव निशांत त्रिपाठी ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर प्राचार्य आलोक जैन, प्रो. अतुल चक्रवर्ती, डॉ. जे.पी. पात्रा, पंकज यादव और आइडिया लैब बनाने वाली पूरी टीम के सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *