Riot :मतदाता का एक वोट उत्तर प्रदेश को रखेगा दंगा मुक्त : प्रधानमंत्री

नई दिल्ली, 08 फरवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री ने मंगलवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश से जुड़ी चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए मतदाताओं से कहा कि उनका एक वोट उत्तर प्रदेश को दंगा मुक्त रखेगा। उत्तर प्रदेश में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास डबल इंजन सरकार की नीतियां भी है और निष्ठा भी है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को जन चौपाल के माध्यम से उत्तर प्रदेश के रामपुर, बदायूं और सम्भल के मतदाताओं को वर्चुअली संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर माफिया और गुंडा राज चलाने का आरोप लगाया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि समाजवाद पार्टी ने हिस्ट्रीशीटर और दंगाइयों को अपना उम्मीदवार बनाया है। सभी मतदाताओं से यह कहना चाहेंगे कि उन्हें उनकी करतूतों को भूलना नहीं चाहिए। उन्हें अगर गलती से मौका मिला तो फिर से खेत लहूलुहान होंगे, दुकानें जलेंगी और डर और खौफ का माहौल लौट आएगा।

उन्होंने कहा कि नकली समाजवादी आज भूमाफिया को टिकट दे रहे हैं और बाबा साहब अंबेडकर का अपमान करने वालों को टिकट दे रहे हैं। इन माफियाओं का पिछली सरकार में यह हाल था कि उन्हें कोई भी प्लाट खाली मिलता था वहां झंडा लगा देते थे। गरीब, दलित, पिछड़े परिवार की रोजी रोटी कमाने के लिए दूसरे राज्य में जाते थे तो उनको चिंता रहती थी कि कहीं उनका घर कोई कब्जा ना कर लिया जाए।

उन्होंने कहा कि योगी सरकार के जनता के बुलडोजर से भूमाफिया में बेचैनी का माहौल है। माफिया के लोग अब लोगों को परेशान नहीं कर सकते। गरीब, दलित, पिछड़ों के लिए भाजपा सरकार माफिया से सुरक्षा कवच है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज जारी भारतीय जनता पार्टी के संकल्प पत्र (घोषणा पत्र) को गरीब, किसान और युवा को सशक्त करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का ट्रैक रिकॉर्ड कचरे से कंचन बनाने का रहा है जबकि विपक्ष का ट्रैक रिकॉर्ड कंचन को कचरे बनाने का है। दोनों की प्राथमिकताओं में यह बुनियादी फर्क है।

उन्होंने कहा उत्तर प्रदेश का नौजवान प्रगति चाहता है और माताएं-बहने शांति और विकास चाहती हैं। उत्तर प्रदेश के खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मतदाताओं को पिछली सरकारों की करतूतें याद है और वह एकजुट होकर भाजपा को जिताएंगे। उन्होंने कहा कि कुछ लोग सपने देख रहे हैं कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोग बंट जाएंगे लेकिन उन्हें याद नहीं है कि 2014, 2017, 2019 में उन्होंने उन्हें हराया है और इस बार भी हराने जा रहे हैं।

विकास कार्यों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले वादों के नाम पर केवल धोखा होता था। उस समय बिजली के तार कपड़े सुखाने के काम आते थे। आज बदायूं में सोलर एनर्जी हब बन रहा है और दातागंज का सोलर प्लांट बड़े क्षेत्र को रोशन कर रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कृषि सिंचाई के क्षेत्र में विकास कार्यों को भाजपा सरकार आगे बढ़ाएगी। सरदार बल्लभ भाई पटेल एग्री इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन यूपी में चटाई और ग्रेडिंग यूनिट कोल्ड चैंबर्स गोदाम और प्रोसेसिंग सेंटर के इंफ्रास्ट्रक्चर को आधुनिक बनाया जाएगा। भामाशाह भाव स्थिरता कोष आलू, टमाटर, प्याज उगाने वाले किसानों विशेष रूप से पश्चिम उत्तर प्रदेश के किसानों को बेहतर दाम देने में मदद करेगा। नई चीनी मिलों का निर्माण होगा, पुरानी मिलों के आधुनिकरण के लिए हजारों करोड़ रूपए का मिशन गन्ना किसानों की समृद्धि सुनिश्चित करेगा।

उन्होंने कहा कि 5 साल पहले की तुलना में अब उत्तर प्रदेश में एथेनॉल उत्पादन काफी ज्यादा हो रहा है। इस दौरान लगभग 12 हजार करोड रुपए का एथेनॉल गन्ना किसानों से खरीदा गया है। आज उत्तर प्रदेश के कोने-कोने में बायोफ्यूल बनाने वाली फैक्ट्री लगाई जा रही हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले चरण के मतदान के लिए बस दो दिन शेष बचे हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के भाई-बहन, हमारी माताएं, हमारे युवा, बेटियां, किसान, उद्यमी कमल का बटन दबाने के लिए तैयार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *