JP Nadda : लता मंगेशकर का निधन राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति: जेपी नड्डा

नई दिल्ली, 06 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भारत रत्न लता मंगेशकर के निधन पर कहा है कि यह न केवल संपूर्ण कला जगत के लिए बल्कि समग्र राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति है।

नड्डा ने रविवार को जारी शोक संदेश में कहा कि आत्मा के तारों को झंकृत कर देने वाली आवाज के आज यूं खामोश हो जाने से मन अत्यंत व्यथित है। लता दीदी देश की आवाज थीं और संगीत जगत की सिरमौर थी। वे सभी संगीत साधकों के लिए प्रेरणा थी। बेहद शांत स्वभाव की लता दीदी एक प्रखर देश भक्त थीं। उन्होंने देशवासियों को सदैव ही अच्छे कार्यों के लिए प्रेरित किया। वह हमारे बीच ऐसी शून्यता छोड़ गई हैं जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकेगी।

उन्होंने कहा कि लता दीदी ने 36 भाषाओं में लगभग 50 हजार गाने गाए, जो किसी भी गायक के लिए एक रिकॉर्ड है। करीब 1,000 से ज्यादा फिल्मों में उन्होंने अपनी आवाज दी। उनके बिना संगीत की कल्पना नहीं की जा सकती। 13 साल की छोटी उम्र में ही उन्होंने गायन आरंभ कर दिया था। लता दीदी को 2001 में संगीत की दुनिया में उनके योगदान के लिए भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से अलंकृत किया गया था। इससे पहले उन्हें पद्म विभूषण, पद्म भूषण और दादा साहेब फाल्के सम्मान से भी नवाजा जा चुका है। गायन के लिए लता दीदी को कई राष्ट्रीय पुरस्कार सहित कई अवार्ड मिले। लता दीदी अपनी सुरों और अपने व्यक्तित्व के माध्यम से हम सबके बीच रहेंगी और हमारे दिलों में धड़कती रहेंगी।

भाजपा अध्यक्ष ने परमात्मा से प्रार्थना की कि वे महान दिवंगत आत्मा को अपने चरणों मे स्थान दें और शोकाकुल परिजनों व उनके असंख्य प्रशंसकों को यह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *