Congress : तेलंगाना के मुख्यमंत्री अपने पद की शपथ का कर रहे उल्लंघन: आनंद शर्मा

नई दिल्ली, 05 फरवरी (हि.स.)। कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव के संविधान को दोबारा लिखने संबंधी बयान की आलोचना करते हुए कहा कि वह अपने पद की शपथ का उल्लंघन कर रहे हैं, जो चिंता का विषय है।

शर्मा ने शनिवार को ट्वीट कर राव के बयान की आलोचना करते हुए कहा कि वह इससे पूरी तरह असहमत है और यह अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि यह उन लोगों का जाल है जो भारत के संवैधानिक लोकतंत्र को खत्म करने की साजिश रच रहे हैं, जिसने सभी के लिए न्यायसंगत अधिकारों की गारंटी दी थी।

शर्मा ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री और सांसद संविधान को बनाए रखने की शपथ लेते हैं। तेलंगाना के मुख्यमंत्री अपने पद की शपथ का उल्लंघन कर रहे हैं, जो चिंता का विषय है।

उल्लेखनीय है कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री (सीएम) के चंद्रशेखर राव ने मंगलवार को भारत के संविधान को फिर से लिखने का आह्वान किया था। उनके बयान की बुधवार को राज्य भर में विपक्षी दल और दलित संगठनों ने आलोचना की थी।

उन्होंने कहा था कि भारत को पूरी तरह से एक नए संविधान का मसौदा तैयार करने की जरूरत है। ऐसा संविधान जो लोगों की बढ़ती आकांक्षाओं के अनुरूप हो और देश की प्रगति सुनिश्चित करे। केंद्र को राज्य की शक्तियों को हड़पने से रोकने के लिए एक नया संविधान ही एकमात्र तरीका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *