Sensex : गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स 143 अंक लुढ़का

नई दिल्ली, 04 फरवरी (हि.स.)। लगातार दूसरे और हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 143.20 अंक यानी 0.24 फीसदी लुढ़कर 58,644.82 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 43.90 अंक यानी 0.25 फीसदी गिरकर 17,516.30 के स्तर पर बंद हुआ।

कारोबार के अंत में सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 11 शेयर बढ़त और 19 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। सेंसेक्स के गिरने वाले शेयरों में महिंद्रा एंड महिंद्रा, कोटक बैंक, बजाज फिनसर्व, पावरग्रिड आदि प्रमुख रहे। इसके साथ ही टीसीएस, एचसीएल टेक और टेक महिंद्रा के शेयर्स भी गिरावट के साथ बंद हुए। इसी तरह निफ्टी के 50 शेयरों में से 34 शेयर गिरावट और 16 शेयर बढ़त में रहे।

अन्य एशियाई बाजारों में हांगकांग, तोक्यो और सोल में शेयर बाजार मजबूती के साथ बंद हुए, जबकि नए साल की छुट्टियों के कारण चीन के शेयर बाजार बंद रहे। हालांकि, यूरोप में दोपहर कारोबार के दौरान शेयर बाजारों में मिलाजुला रुख देखा गया। एक दिन पहले सेंसेक्स 770.31 अंक यानी 1.29 फीसदी टूटकर 58,788.02 के स्तर पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 219.80 अंक यानी 1.24 फीसदी गिरावट के साथ 17,560.20 के स्तर पर बंद हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *