Sensex : शेयर बाजार बढ़त के साथ हुआ बंद, सेंसेक्स 696 अंक उछला

नई दिल्ली, 02 फरवरी (हि.स.)। हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार को शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 695.76 अंक यानी 1.18 फीसदी उछलकर 59,558.33 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 203.15 अंक यानी 1.16 फीसदी की बढ़त के साथ 17,780.00 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स ने 431 अंक बढ़कर 59,293 पर कारोबार शुरू किया। इसने दिन में 59,618 का ऊपरी और 59,193 का निचला स्तर बनाया। 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स के 8 शेयर गिरावट और 22 शेयर बढ़त में रहे। बढ़त वाले प्रमुख शेयरों में बजाज फिनसर्व करीब 5 फीसदी बढ़ा। इसके साथ ही कोटक बैंक, एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस, इंडसइंड बैंक और एचडीएफसी बैंक के शेयर भी बढ़त में रहे।

उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी ने भी कारोबार के दौरान 17,794 का ऊपरी तथा 17,674 का निचला स्तर बनाया। निफ्टी के 50 शेयरों में से 40 शेयर बढ़त में रहे, जबकि 9 शेयर गिरावट में रहे। इसके बढ़ने वाले प्रमुख शेयरों में आयशर मोटर्स, कोटक बैंक, पावरग्रिड, आईटीसी और बजाज फाइनेंस हैं। गिरावट वाले शेयरों में टेक महिंद्रा, ब्रिटानिया, अडाणी पोर्ट और अल्ट्राटेक प्रमख हैं।

उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पहले बजट पेश होने के बाद बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 848 अंक बढ़कर 58,862 के स्तर पर बंद हुआ, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 237 अंक की तेजी के साथ 17,576 के स्तर पर बंद हुआ था।