बस से 1.92 लाख रुपये का गांजा बरामद

करीमगंज (असम), 02 फरवरी (हि.स.)। असम-त्रिपुरा सीमावर्ती असम के करीमगंज जिला के चुराईबारी तलाशी चौकी पुलिस ने करीब 1.92 लाख रुपये मूल्य का गांजा जब्त किया। चुराइबाड़ी तलाशी चौकी पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में झारखंड के देवघर निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले भी असम के करीमगंज जिला अंतर्गत बाजारीछोड़ा थाना अंतर्गत त्रिपुरा अंतरराज्यीय सीमा पर चुराईबाड़ी तलाशी चौकी की पुलिस ने करीब 2.68 करोड़ रुपये का गांजा बरामद किया था। मंगलवार सुबह त्रिपुरा के उत्तर त्रिपुरा जिला की चुराईबारी पुलिस ने करीब डेढ़ करोड़ रुपये का गांजा जब्त किया था।

बीती रात को असम के चुराईबारी तलाशी चौकी की पुलिस ने 1.92 लाख रुपये मूल्य का गांजा बरामद किया। चुराईबारी (असम) पुलिस वॉचपोस्ट के प्रभारी निरंजन दास ने बताया कि बीती रात त्रिपुरा की राजधानी अगरतला से गुवाहाटी की ओर जा रही रेयान नामक एक नाइट सुपर बस (एमएल-05एस-9432) की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बस में सफर कर रहे एक यात्री को हिरासत में लिया गया। उसके पास से कुल 11 किग्रा गांजा बरामद किया गया। इसके बाद झारखंड के देवघर निवासी लोधन महतो (45) को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारी दास ने बताया कि बरामद गांजा का बाजार मूल्य करीब 1.92 लाख रुपये है।