रायपुर, 2 फ़रवरी (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस से 2 हजार 764 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही राज्य में बुधवार तक कोविड-19 की चपेट में आने वालों की कुल संख्या 11 लाख 31 हजार 868 हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि, बुधवार को 135 लोगों को संक्रमण मुक्त होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी गई है, वहीं 2 हजार 302 लोगों ने गृह-पृथकवास की अवधि पूरी की। राज्य में बुधवार को कोरोना वायरस से संक्रमित 14 मरीजों की मृत्यु हुई है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी मीडिया बुलेटिन के मुताबिक, बुधवार को संक्रमण के 2764 नए मामले आए हैं। इनमें रायपुर से 383, दुर्ग से 280, राजनांदगांव से 158, बालोद से 61, बेमेतरा से 84, कबीरधाम से 82, धमतरी से 139, बलौदाबाजार से 45, महासमुंद से 30, गरियाबंद से 18, बिलासपुर से 159, रायगढ़ से 111, कोरबा से 113, जांजगीर—चांपा से 83, मुंगेली से 34, गौरेला—पेंड्रा—मरवाही से 37, सरगुजा से 95, कोरिया से 27, सूरजपुर से 84, बलरामपुर से 57, जशपुर से 86, बस्तर से 106, कोंडागांव से 150, दंतेवाड़ा से 33, सुकमा से 4, कांकेर से 263, नारायणपुर से 0 और बीजापुर से 42 मामले आए हैं।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में अब तक 11 लाख 31 हजार 868 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है, जिनमें से 1 लाख 75 हजार 563 मरीज इलाज के बाद संक्रमण मुक्त हो गए हैं। राज्य में 21 हजार 475 मरीज उपचाराधीन हैं वहीं राज्य में संक्रमण से 13 हजार 883 लोगों की मौत हुई है।
