Self-reliant : हिप्र के मुख्यमंत्री ने बजट को सराहा, कहा- देश आत्मनिर्भर होगा

शिमला, 01 फरवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंगलवार को संसद में प्रस्तुत बजट की तारीफ करते हुए केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि इस बजट से देश की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी। किसानों और कमजोर वर्गों के लिए लाभकारी होगी। विकास को नई गति मिलेगी।यह बजट आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करेगा। डिजिटल तकनीक से विकास की प्रक्रिया समग्र और समावेशी होगी। यह बजट देश के साथ सभी राज्यों को भी आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण दस्तावेज है।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि यह बजट सड़क, रेल, हवाई अड्डों, बन्दरगाहों, सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था, जलमार्ग इत्यादि के निर्माण को गति प्रदान करेगा। इससे हिमाचल प्रदेश को भी इन क्षेत्रों को गति देने में सहायता मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूंजीगत व्यय बढ़ाने के लिए राज्यों के लिए अतिरिक्त केन्द्रीय सहायता में चालू वित्तीय वर्ष के दौरान 5,000 करोड़ रुपये की वृद्धि की गई है। इससे प्रदेश सरकार को इसमें से चालू वित्तीय वर्ष में 600 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी जा चुकी है।

उन्होंने राज्यों को मिलने वाली इस सहायता को केंद्र सरकार द्वारा 2022-23 के दौरान 10 गुना बढ़ाकर एक लाख करोड़ रुपये किया गया है। इससे हिमाचल प्रदेश को भी लाभ होगा, क्योंकि आगामी वित्तीय वर्ष में केन्द्रीय सहायता में काफी वृद्धि होगी। इस सहायता के माध्यम से प्रदेश सरकार को पूंजीगत कार्यों के कार्यान्वयन में गति दी जा सकेगी।

ठाकुर ने कहा कि बजट में जीरो बजट प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने की बात की गई है। इससे हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक खेती को और अधिक बढ़ावा मिलेगा। जल जीवन मिशन के अन्तर्गत केन्द्र सरकार द्वारा 2022-23 के लिए 60,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इससे हिमाचल प्रदेश सरकार को जुलाई 2022 तक प्रदेश के सभी ग्रामीण घरों में पाइप के माध्यम से पीने को पानी पहुंचाने में सहायता मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से सटे ग्रामीण क्षेत्रों के लिये ‘वाइब्रेंट विलेज’ नाम से एक नई योजना आरम्भ करने का प्रस्ताव भी स्वागत योग्य है। इससे प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों का विकास सुनिश्चित होगा। उन्होंने केन्द्रीय वित्त मंत्री का पहाड़ी राज्यों में रोपवे बनाने के लिए केन्द्रीय सहायता से एक नई योजना पर्वतमाला आरम्भ करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस बजट में वन स्वीकृतियां शीघ्र प्रदान करने के उद्देश्य से विशेष सुविधा आरम्भ करने की वित्तमंत्री की घोषणा का भी आभार व्यक्त किया।

जयराम ठाकुर ने नई पेंशन स्कीम के अन्तर्गत मिलने वाली कर राहत को 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 14 प्रतिशत करने का भी स्वागत किया है। उन्होंने दिव्यांगों तथा उनके माता-पिता को कर में राहत प्रदान करने की घोषणा का भी स्वागत किया है। मुख्यमंत्री ने उज्ज्वला योजना के तहत एक करोड़ नये लाभार्थियों को 2022-23 के दौरान लाभान्वित करने के प्रस्ताव का भी स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि कृषि वानिकी एवं निजी वानिकी में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लाभार्थियों के लिए विशेष सहायता का प्रावधान भी सराहनीय है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि 2022-23 के लिए प्रस्तुत बजट आगामी 25 वर्ष के लिए एक ऐसा दस्तावेज है, जो विकास की राह प्रशस्त करेगा। विकास की प्रक्रिया में हर कोई भागीदार होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *