यमुनोत्री धाम में प्रधानमंत्री मोदी के नाम की पहली पूजा

उत्तरकाशी, 14 मई ( हि.स.)। कोरोना संकट के बीच चारों धामों के कपाट खुलने की शुरुआत शुक्रवार को यमुनोत्री धाम से हो गई है। चारधाम यात्रा की शुरुआत भी यमुनोत्री से ही होती है। इतिहास में यह दूसरा मौका है जब बिना श्रद्धालुओं के चारधाम यात्रा शुरू हुई।  यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने पर पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम से की गई । अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर मां यमुना की डोली और भोगमूर्ति ढोल-दमाऊ के साथ विशेष पूजा-अर्चना के बाद भाई शनि महाराज की डोली के साथ धाम के लिए शुक्रवार यमुनोत्री धाम के लिए अपने शीतकालीन प्रवास खरसाली से रवाना हुई। प्रदेश सरकार की एसओपी के अंर्तगत ग्रामीणों ने अपने घरों से ही मां यमुना को विदाई दी। मां यमुना के साथ यमुनोत्री धाम मंदिर समिति के पदाधिकारियों के साथ 25 पुरोहित और प्रशासन की टीम यमुनोत्री धाम पहुंची। यमुनोत्री धाम के तीर्थ पुरोहित पवन उनियाल ने बताया कि चारधाम देवस्थानम बोर्ड ने पीएम मोदी की ओर से यमुनोत्री में पहली पूजा के लिए 1101 रुपये की धनराशि दी। यह रकम यमुनोत्री धाम मंदिर समिति के खाते में ट्रांसफर की गई। यमुनोत्री धाम में पीएम मोदी के नाम से पहली पूजा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *