237 परिवारों तक रोज पहुंच रहा नमो भोजनम

रांची, 23 अप्रैल (हि.स.)। रांची के सांसद संजय सेठ की ओर से शहर के कोरोना संक्रमितों के घरों तक नमो भोजनम पहुंचाने का काम अनवरत जारी है। अब तक शहर के ऐसे 237 परिवारों को भोजन पहुंचाया जा रहा है। अब तक 2480 से ज्यादा भोजन के पैकेट पहुंचाए जा चुके हैं। 
भोजन के पैकेट सिर्फ उन परिवारों में पहुंचाए जा रहे हैं जो कोरोना से संक्रमित हैं। उनके परिवार में भोजन बनाने वाला कोई नहीं है। इस भोजन पैकेट में रोटी, चावल, दाल, सब्जी, संतरा, सेव और दूध शामिल है। इसके लिए सांसद संजय सेठ ने एक टीम बनाई है, जिसमें भारतीय जनता युवा मोर्चा रांची महानगर के कार्यकर्ता व अन्य कई सामाजिक संगठनों के लोग घर घर भोजन पहुंचाने में सहयोग कर रहे हैं। यह सभी भोजन पैकेट रांची के स्टेशन रोड स्थित होटल ग्रीन होराइजन में तैयार किए जा रहे हैं। वहां से युवा मोर्चा के कार्यकर्ता इसके वितरण की व्यवस्था देख रहे हैं। 

इस संबंध में सेठ ने शुक्रवार को कहा कि रांची में विपरीत परिस्थितियों के बावजूद कार्यकर्ता घर घर भोजन पहुंचाने का काम कर रहे हैं। ऐसे कार्यकर्ताओं के लिए मेरे पास शब्द नहीं है। इस दु:ख की घड़ी में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता देवदूत बनकर सामने आए हैं। सेठ ने इस कार्य में लगे सभी कार्यकर्ताओं और संस्थाओं के प्रति आभार प्रकट किया है। साथ ही ऐसे लोग जो घरों में क्वारंटीन हैं, उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
 सांसद ने रांची वासियों से यह भी अपील की है कि बड़ी संख्या ऐसे लोगों की है, जो कोरोना को शिकस्त दे रहे हैं। इसलिए हमें घबराने की जरूरत नहीं है। बेवजह पैनिक होने की जरूरत नहीं है। धैर्य और साहस से रहने की जरूरत है। हम जीतेंगे, कोरोना हारेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *