लोकसभा की पूर्व अध्‍यक्ष सुमित्रा महाजन की तबीयत में हो रहा लगातार सुधार

 इंदौर, 23 अप्रैल (हि.स.)।  लोकसभा की पूर्व अध्‍यक्ष सुमित्रा महाजन (ताई) के स्वास्थ्य में अब लगातार सुधार हो रहा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से  दी गई जानकारी के अनुसार उन्‍हें बुखार आने पर बॉम्बे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। जहां जांच के दौरान कोविड-19 वायरस की उनकी रोपोर्ट निगेटिव आई है।

इस संबंध में भाजपा नेता राजेश अग्रवाल ने शुक्रवार बताया कि वे पहले से बहुत स्‍वस्‍थ हैं उन्‍हें अभी और दो-तीन दिन चिकित्‍सकों की निगरानी में रखा जाएगा। उसके बाद जैसा चिकित्‍सक कहेंगे वैसा आगे निर्णय लिया जाएगा। घबराने की कोई बात नहीं है। उनकी कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। 
वहीं, देर रात महाजन के कार्यालय से स्पष्ट किया गया था कि उनका स्वास्थ्य ठीक है। इसपर सुमित्रा महाजन की तरफ से भी प्रतिक्रिया सामने आ चुकी है। अपने निधन की फर्जी खबरों पर पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा ताई ने न्यूज चैनलों को जमकर फटकार लगाई और कहा, आखिर न्यूज चैनल बिना सच्चाई पता किए ऐसी खबर कैसे चला सकते हैं? क्या उन्होंने इंदौर प्रशासन से खबर की सच्चाई पता करने की कोशिश की? महाजन ने कहा, ‘मेरी भतीजी ने शशि थरूर के ट्वीट का खंडन किया, लेकिन बिना पुष्टि के इस तरह की खबरें फैलाने की क्या जल्दबाजी थी’।
उल्‍लेखनीय है कि बीते दिवस गुरुवार शाम उन्‍हें लेकर एक गलत सूचना चली जाने से सभी ओर हलचल मच गई थी। कुछ नेताओं ने तो उस सूचना पर ट्वीट भी कर दिए था। जिनमें कांग्रेस नेता शशि थरूर का नाम सबसे आगे है। उन्‍होंने फेक न्यूज के जाल में फंसते हुए सुमित्रा ताई के निधन को लेकर ट्वीट कर दिया था।
उनके उस ट्वीट पर जब भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय की नजर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत इसका जवाब दिया। विजयवर्गीय ने लिखा, ‘सुमित्रा ताई एकदम स्वस्थ हैं, भगवान उन्हें लंबी उम्र दे।’ भाजपा नेता के इस जवाब के बाद थरूर ने अपना ट्वीट डिलीट कर दिया और माफी मांगी। उन्‍होंने पूरे मामले पर माफी मांगते हुए लिखा कि पता नहीं ये कौन लोग हैं, जो इस तरह की झूठी खबरें फैलाते हैं। मुझसे भूलवश ऐसा हुआ है। मेरी शुभकामनाएं सुमित्रा जी के साथ हैं। भगवान उन्हें लंबी उम्र दें और हमेशा स्वस्थ रखें। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *