दिल्ली और हरियाणा में आक्सीजन आपूर्ति विवाद सुलझा

-अरविंद केजरीवाल ने की मनोहर लाल से फोन पर बात
-पानीपत आईओसी में खड़ा ट्रक दिल्ली किया रवाना

चंडीगढ़, 22 अप्रैल (हि.स.)। आक्सीजन की सप्लाई को लेकर दिल्ली तथा हरियाणा के बीच छिड़ा विवाद सुलझ गया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ इस मुद्दे पर फोन से बातचीत की जिसके बाद हरियाणा के सीएम ने हर संभव सहयोग का भरोसा दिया है।
आक्सीजन की सप्लाई को लेकर हरियाणा व दिल्ली के बीच पिछले तीन दिन से विवाद चल रहा है। बुधवार को हरियाणा केे स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने आरोप लगाया था कि हरियाणा से वाया दिल्ली होकर फरीदाबाद जा रहा आक्सीजन का एक टैंकर दिल्ली में लूट लिया गया। जिसमें से आक्सीजन निकाल ली गई। इसके बाद हरियाणा से सभी टैंकरों को पुलिस की सुरक्षा में गंत्तव्य तक भेजने तथा आक्सीजन उत्पादन कंपनियों के बाहर पुलिस का पहरा लगा दिया था।इस बीच दिल्ली के एक अस्पताल के प्रबंधकों ने गुरुवार को ट्वीट करके कहा कि पानीपत रिफाइनरी में एक ट्रक आक्सीजन का खड़ा है जिसे दिल्ली नहीं आने दिया जा रहा है। हरियाणा पुलिस ने उस ट्रक को रोका हुआ है। इस ट्वीट के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ फोन पर बातचीत की। दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों के बीच करीब दस मिनट बातचीत हुई। दिल्ली के सीएम ने बताया कि दिल्ली में आक्सीजन का उत्पादन नहीं होता है। दिल्ली में हरियाणा तथा अन्य राज्यों से आक्सीजन आती है। इस पूरे विषय पर बातचीत के बाद हरियाणा के सीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर आक्सीजन टैंकर को दिल्ली भिजवाया। इस बीच पत्रकारों से बातचीत में सीएम मनोहर लाल ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री के साथ हुई बातचीत में उनकी समस्या पूरी तरह से जायज थी। यह संकट का दौर है। इसमें हम जितनी भी किसी की मदद कर सकते हैं वह करनी चाहिए। सीएम ने कहा कि दिल्ली जाने वाले किसी भी टैंकर को अनावश्यक रूप से रोका नहीं जाएगा। दिल्ली सरकार भी दिल्ली से होकर फरीदाबाद व अन्य स्थानों पर जाने वाले टैंकरों को सहयोग करेगी। मनोहर लाल ने कहा कि वर्तमान में आक्सीजन की मांग को लेकर स्थिति सामान्य होती जा रही है। बहुत जल्द इस पर पूरी तरह से काबू पा लियाा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *