मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध इतिहासकार डॉ. सुरेश मिश्र के निधन पर सीएम शिवराज ने जताया दुख

भोपाल, 22 अप्रैल(हि.स.)। भारत के गौरवशाली अतीत पर अनेक पुस्‍तकें लिखेनवाले प्रसिद्ध इतिहासकार डॉ. सुरेश मिश्र के निधन पर मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत अनेक लोगों ने दुख व्‍यक्‍त किया है। सीएम शिवराज ने गुरुवार ट्वीटकर अपनी भावसंवेदनाएं व्‍यक्‍त करते हुए कहा ”मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध इतिहासकार डॉ. सुरेश मिश्र जी के निधन से बहुत दुःख पहुंचा है। राज्य के इतिहास व संस्कृति को समृद्ध करने और ‘मध्यप्रदेश के रणबांकुरे’ व ‘मध्यप्रदेश के सूरमा’ जैसी अमूल्य पुस्तकों के सृजन के लिए सदैव याद किया जायेगा। यह प्रदेश की अपूरणीय क्षति है। ॐ शांति!” 
उल्‍लेखनीय है कि मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध इतिहासकार डॉ. सुरेश मिश्र (84) का कोरोना से निधन हो गया है। उन्‍होंने गुरुवार सुबह सात  बजे चिरायु अस्पताल, भोपाल में अंतिम सांस ली। डॉ. मिश्र ने मध्यप्रदेश के इतिहास का गहन अध्ययन किया था और लगभग 40 पुस्तकों का सृजन किया। मंडला में जन्मे सुरेश मिश्र भोपाल में ही रहते थे और राज्य के इतिहास व संस्कृति को समृद्ध करने के लिए निरंतर सक्रिय थे। 
 उन्होंने उच्च शिक्षा विभाग में 40 वर्ष सेवा की। उनकी पुस्तकें ‘मध्यप्रदेश के रणबांकुरे’ व ‘मध्यप्रदेश के सुरमा’ अत्यंत महत्वपूर्ण व लोकप्रिय हैं। साथ ही उन्होंने ने अनेक अंग्रेजी ग्रंथों का अनुवाद भी किया था। उनका देवलोकगमन मध्यप्रदेश के अकादमिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *