मैं हमेशा रोहित शर्मा को फ्लाइट में हराने की कोशिश करता हूं : अमित मिश्रा

चेन्नई, 21 अप्रैल (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2021 के 13वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से हरा दिया। इस मुकाबले में मुंबई की टीम एक समय 8.3 ओवर में 2 विकेट पर 76 रन बनाकर अच्छी स्थिति में थी, लेकिन तभी अमित मिश्रा ने रोहित शर्मा(44) सहित चार विकेट झटकर दिल्ली को मैच में वापसी दिला दी। मिश्रा के चार विकेटों की बदौलत दिल्ली की टीम मुंबई को 137 रनों तक रोकने में सफल रही। मुंबई ने निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 137 रन बनाए।

मैच में अमित मिश्रा ने रोहित को आईपीएल में सातवीं बार अपनी फिरकी में फंसाया। मैच के बाद मिश्रा ने कहा कि वह हमेशा रोहित शर्मा को फ्लाइट में हराने की कोशिश करते हैं और ज्यादातर उन्हें उनके क्षेत्र से बाहर गेंदबाजी करते हैं।

मिश्रा ने पृथ्वी शॉ को आईपीएल की आधिकारिक वेबसाइट पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में बताया, “जाहिर है, मैं अपने प्रदर्शन से अच्छा महसूस कर रहा हूं क्योंकि यह मुंबई इंडियंस के खिलाफ आया था। मुंबई के पास यहां चेन्नई में खेलने का अनुभव है लेकिन हम उन्हें यहां हराने में कामयाब रहे। मैं अपने प्रदर्शन से खुश हूं। मैं हमेशा रोहित के क्षेत्र से बाहर गेंद फेंकने की कोशिश करता हूं। और गेंद को गति नहीं देता हैं। मैं हमेशा उन्हें फ्लाइट में हराने की कोशिश करता हूं ताकि वह अपने शॉट को ज्यादा ताकत न दे सकें।”

उन्होंने कहा,”मैंने रन गति को रोकने के लिए गेंद फेंकी। हालांकि मैं भाग्यशाली था कि मुझे ईशान किशन का विकेट मिला। मैं हमेशा अधिक से अधिक विकेट लेने की कोशिश करूंगा और अगर मैं लसिथ के रिकॉर्ड को तोड़ने में सफल रहा तो यह वास्तव में मेरे लिए एक खास उपलब्धि होगी।”

बता दें कि दिल्ली ने पहले गेंदबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस को निर्धारित 20 ओवर में 137 रन पर रोक दिया था। इसके बाद शिखर धवन और और स्टीव स्मिथ (33) की लाजवाब पारियों की मदद से उन्होंने यह लक्ष्य 5 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया था। दिल्ली कैपिटल्स ने इसी के साथ मुंबई से आईपीएल 2020 के फाइनल में मिली हार का बदला भी चुकता किया। दिल्ली को अब चार मैचों में 6 अंकों के साथ आईपीएल अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है और अब उसका अगला मैच रविवार को सनराइजर्स हैदराबाद से होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *