बेगूसराय में ऑक्सीजन प्लांट चालू , रोज भरे जाएंगे चार सौ से अधिक सिलेंडर

बेगूसराय, 19 अप्रैल (हि.स.)। ऑक्सीजन की कमी के कारण कोरोना का कहर झेल रहे बेगूसराय और बिहार के लोगों के लिए एक राहत भरी खबर है। बेगूसराय में बंद पड़े ऑक्सीजन प्लांट को डीएम की पहल पर चालू कर दिया गया है। अब यहां प्रत्येक दिन 450 से 480 सिलेंडर भरे जा रहे हैं। इससे ना केवल बेगूसराय, बल्कि अन्य जिलों के अस्पतालों में भी ऑक्सीजन सिलेंडर की आपूर्ति की जायेगी ।
बेगूसराय के देवना औद्योगिक क्षेत्र में लगाया गया यह प्लांट एक साल से अधिक समय से बंद था। लेकिन बेगूसराय तथा बिहार के सभी अस्पतालों में ऑक्सीजन सिलेंडर की कमी के कारण मचे हाहाकार को बेगूसराय के डीएम अरविंद कुमार वर्मा ने गंभीरता से लिया और डीएम की पहल एवं विशेष टीम के प्रयास से फैक्ट्री मालिक ने ऑक्सीजन सिलेंडर भरने का कार्य शुरू कर दिया है। रविवार की शाम तक 480 सिलेंडर ऑक्सीजन तैयार की गयी। यहां तैयार की गयी ऑक्सीजन का सिर्फ चिकित्सा कार्यों में उपयोग होगा। डीएम ने किसी अन्य कार्यों में सिलेंडर लगाए जाने पर रोक लगाई है। 
देवना औद्योगिक क्षेत्र स्थित सोनी एयर गैसेज प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंधक नीरज कुमार ने बताया कि विभिन्न कारणों से आक्सीजन फैक्ट्री फरवरी 2020 से बंद थी। जिलाधिकारी की पहल तथा अधिकारियों के सहयोग से बिजली कनेक्शन समेत अन्य कार्य पूरा करने के बाद सिलेंडर भरने काम रविवार से शुरू हो गया है। झारखंड के टाटा से टैंकर के माध्यम द्वारा गैस लाकर ऑक्सीजन सिलेंडर रिफिलिंग की जा रही है। प्रत्येक दिन 450 से 480 सिलेंडर भरे जाएंगे। यह ऑक्सीजन सिलेंडर सिर्फ चिकित्सा कार्यों में उपयोग के लिए प्रशासन के निर्देशानुसार सप्लाई किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि कोरोना के अप्रत्याशित रूप से बढ़े कहर के कारण बिहार में ऑक्सीजन सिलेंडर के लिए हाहाकार मच गया है। पटना के अस्पतालों ने आक्सीजन सिलेंडर की आपूर्ति नहीं होने से मरीजों का इलाज  करने में असमर्थता जताई है।   बेगूसराय के भी कई अस्पतालों ने  ऑक्सीजन की अनुपलब्धता के कारण नए मरीजों को भर्ती करने से मना कर दिया है । इसके बाद एक्शन मोड में आए जिला प्रशासन ने ऑक्सीजन सिलेंडर की कमी दूर करने का प्रयास शुरू किया। डीएम ने बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश देने के साथ बंद पड़ी ऑक्सीजन फैक्ट्री मालिक से संपर्क किया ।इसके के बाद प्लांट  चालू हो सका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *