प्रियंका गांधी ने दी नौरोज की शुभकामनाएं, ट्रोलरों पर भी साधा निशाना

कहा- गंगाधर नेहरू के समय से मना रहे नौरोज त्योहार, किसी के कहने से नहीं बदलेंगे

नई दिल्ली, 13 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कश्मीर के भाई-बहनों को नौरोज त्यौहार की शुभकामनाएं दी हैं। हालांकि इस बधाई के साथ उन्होंने त्यौहार के नाम को लेकर ट्रोल किए जाने के संबंध में कटाक्ष भी किया है। उन्होंने कहा है कि भले ही कोई कुछ भी कहे लेकिन उनका परिवार पूर्व से ही इस त्यौहार को नौरोज कहता आया है और आगे भी वे इसे ऐसे ही मनाएंगे। किसी के कहने से यह बदलने वाला नहीं है।

आम तौर पर किसी की प्रतिक्रिया पर त्वरित कटाक्ष से बचने वाली प्रियंका गांधी ने इस बार अलग ही रुख अख्तियार किया है। मंगलवार को कश्मीर के लोगों को नौरोज की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें तंज भी कसा है। प्रियंका ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘मेरे सभी प्यारे कश्मीरी बहनों-भाइयों को नौरोज़ मुबारक। नया साल आपके लिए ख़ुशियों और अच्छी सेहत से भरपूर हो। हमारा कुनबा पं. गंगाधर नेहरू के ज़माने से अपने इस त्योहार को नौरोज़ ही कहता चला आ रहा है, तो तुम्हारे कहने से नहीं बदलेंगे।’

उल्लेखनीय है कि पिछले साल में नौरोज और नवरेह त्यौहारों पर बधाई देने के क्रम में प्रियंका गांधी ट्रोल हो गई थीं। इसी के मद्देनजर आज जब उन्होंने कश्मीरवासियों को नौरोज की शुभकामनाएं दी तो साथ ही स्पष्टीकरण भी दिया। उन्होंने कहा कि उनका परिवार पूर्व से ही नौरोज ही मनाता रहा है और किसी अन्य के हिसाब से वो बदलने वाले नहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *