मुख्यमंत्री योगी ने पूर्व सांसद श्यामाचरण गुप्ता के निधन पर शोक व्यक्त किया

लखनऊ, 10 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व सांसद तथा बड़े व्यवसायी श्यामाचरण गुप्ता के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने शोक संदेश में उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया है। लिखा है कि ‘प्रयागराज की राजनीतिक और व्यवसायी जगत के प्रसिद्ध व्यक्ति, वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद श्यामाचरण गुप्ता के निधन का समाचार प्राप्त हुआ। मैं उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित कर प्रभु से प्रार्थना करता हूं​ कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा परिजनों व समर्थकों को इस असीम दुख को सहने करने की शक्ति प्रदान करे।
गौरतलब है कि, भाजपा के पूर्व सांसद, समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता और बड़े व्यवसायी श्यामाचरण गुप्त का शुक्रवार देर रात निधन हो गया। वे कोरोना संक्रमित थे। उनका दिल्ली के एक निजी अस्तपाल में इलाज चल रहा था। उनके निधन के बाद व्यापारियों तथा राजनीतिज्ञों में शोक की लहर है। 
परिजनों ने बताया कि शुक्रवार शाम अचानक उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई तो वेंटिलेटर पर रखा गया। उनके स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हुआ और देर रात उनका निधन हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *