संगीतकार कल्याण सेन का कोरोना से निधन

रायपुर, 07 अप्रैल (हि.स.)। प्रसिद्ध संगीतकार एवं गायक कल्याण सेन का बुधवार को कोरोना संक्रमण से निधन हो गया। कुछ दिन पहले ही सेन में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। कल्याण सेन के छोटे भाई शेखर सेन ने फेसबुक के जरिए उनके निधन की जानकारी दी है। नाटककार शेखर सेन के मुताबिक कल्याण सेन ने सुबह पांच बजे अंतिम सांस ली। कल्याण सेन दिवंगत संगीतकार अरुण सेन और अनिता सेन के ज्येष्ठ पुत्र थे। रायपुर स्थिति रंगमदिर के संस्थापक अरुण सेन के दो पुत्र कल्याण और शेखर सेन ने अपनी उपलब्धियों से दुनिया में छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और राज्य सरकार के मंत्रियों ने कल्याण सेन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।  राजनांदगांव शहर में कल्याण सेन ने बीते फरवरी में एक निजी कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुति दी थी। उन्होंने कहा था कि भारत में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन उस प्रतिभा को निखारने की जरूरत है। रियलिटी शो में कुछ भी रियल नहीं होता। रियलिटी शो के जरिए स्पॉन्सर अपना व्यापार करते हैं, लेकिन शो में आने वाले टैलेंट को लेकर कोई सही गाइडलाइन नहीं होती। संगीत को जब तक शुरू से न सीखा जाए, तब तक संगीत दिल में नहीं उतरता। उन्होंने नए और पुराने संगीत की तुलना करते हुए कहा था कि वर्तमान में जो संगीत बन रहे हैं, वह केवल उनके सुरों में बन रहे हैं। आवाज में हरकतें और लयबद्ध संगीत सुरताल को लेकर कई खामियां हैं। पुराने संगीत सुर-ताल से सधे होते थे। एक साक्षात्कार में कल्याण सेन ने कहा था कि वर्तमान के संगीत में काफी बदलाव आया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *