अनिल देशमुख गृहमंत्री पद से इस्तीफा दें: देवेंद्र फडणवीस

मुंबई, 05 अप्रैल (हि.स.)। विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि अनिल देशमुख को अब नैतिकता के आधार पर गृहमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। अगर अनिल देशमुख इस्तीफा नहीं दे रहे हैं तो मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को अनिल देशमुख को गृहमंत्री पद से हटा देना चाहिए। देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को पत्रकारों को बताया कि हाईकोर्ट ने परमबीर सिंह के आरोपों की जांच सीबीआई को सौंप दिया है। इसलिए गृहमंत्री पद पर रहते हुए परमबीर सिंह की जांच संभव नहीं है। इसी वजह से अनिल देशमुख को खुद पद से हट जाना चाहिए।
देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि परमबीर के पत्र के बाद मुख्यमंत्री के तौर पर उद्धव ठाकरे को तत्काल निर्णय लेना चाहिए था। लेकिन मुख्यमंत्री की भूमिका पहले से ही संदेहास्पद रही है। जब विपक्ष सचिन वाझे पर आरोप लगा रहा था, उस समय खुद मुख्यमंत्री सचिन वाझे का बचाव कर रहे थे। इसी तरह जब परमबीर सिंह ने उनके पास 8 पेज का पत्र भेजा, उस समय भी मुख्यमंत्री ने जल्द निर्णय नहीं लिया था। इसी वजह से वकील जयश्री पाटिल हाईकोर्ट में गई थीं। फडणवीस ने कहा कि हाईकोर्ट ने आज ऐतिहासिक निर्णय सुनाया है, वे इसका स्वागत करते हैं।
देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र के पुलिस विभाग को वसूली में लगा हुआ था। इसका कारण पुलिस विभाग में तबादलों में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप कई पुलिस अधिकारियों ने लगाया था। लेकिन मुख्यमंत्री ने इन आरोपों पर कोई कार्रवाई नहीं की थी। अब हाईकोर्ट के आदेश के बाद इस मामले की सच्चाई जनता के सामने आ जाएगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *