गोलीबारी में दो की मौत, एक घायल

कार्बी आंग्लांग (असम), 28 जनवरी (हि.स.)। कार्बी आंग्लांग जिला के असम-नगालैंड सीमावर्ती इलाका धनसिरि थाना अंतर्गत खरनाईदिसा गांव में हुई गोलीबारी की घटना में दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक व्यक्ति को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया है कि बीती देर रात तकरीबन 11 बजे के आसपास हुई गोलीबारी की घटना में पूर्व उग्रवादी संगठन डीएचडी नेता अमित नुनिसा और आलता माइबंग्सांग नामक महिला की मौत हो गई। वहीं आशीष फंगलसा नामक युवक के हाथ में गोली लगने की वजह से उसे गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हालांकि, गोलीबारी किसने की है, इसकी जानकारी नहीं लग पाई है। पुलिस ने आशंका व्यक्त किया है कि इस गोलीबारी घटना में उग्रवादी संगठन डीएनएलए नामक उग्रवादी संगठन का हाथ होने की आशंका जतायी गयी है। डीएनएलए संगठन द्वारा सन 2017 में डीएचडी के पूर्व सेना अध्यक्ष प्रणव नुनिसा और नीलेंदू नेताओं की हत्या करने की कोशिश की गयी थी। डीएचडी की वजह से डीएनएलए नामक आतंकी संगठन धनसिरि इलाके में अपना वर्चस्व कायम नहीं कर पा रहा है। जिसकी वजह से डीएचडी नेताओं को लगातार निशाना बनाने की लगातार डीएनएलए की ओर से कोशिश की जाती है।

घटना की खबर मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस इस संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज कर मामले की गंभीरता से जांच करते हुए गोलीबारी की घटना में शामिल लोगों की तलाश कर रही है। ज्ञात हो कि घटना ग्रामीण इलाके में हुआ था। जिसकी वजह से पुलिस की कार्रवाई भी गुरुवार से शुरू हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *