मेघालय, मणिपुर, त्रिपुरा के स्थापना दिवस पर राष्ट्रपति, उप राष्ट्रपति ने दी शुभकामनाएं

नई दिल्ली, 21 जनवरी (हि.स.)। पूर्वोत्तर के तीन राज्य मेघालय, मणिपुर और त्रिपुरा आज अपना 49वां स्थापना दिवस मना रहे हैं। इस मौके पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने शुभकामनाएं देते हुए कहा राष्ट्र की सामाजिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विविधता में पूर्वोत्तर क्षेत्र का विशिष्ट योगदान रहा है।

राष्ट्रपति कोविंद ने ट्वीट संदेश में कहा, राज्य दिवस पर मणिपुर, मेघालय और त्रिपुरा के अद्भुत लोगों को बधाई। प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध इतिहास और जीवंत संस्कृति के साथ ये राज्य आकर्षक हैं। वे बहुआयामी विकास के पथ पर आगे बढ़ रहे हैं। मेरी तरफ से हार्दिक शुभकामनाएं।

उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने शुभकामना संदेश में कहा, मेघालय, मणिपुर और त्रिपुरा के राज्य दिवस पर तीनों प्रदेशों के निवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने कहा इस पूरे क्षेत्र पर प्रकृति और संस्कृति की असीम अनुकम्पा रही है, लोगों में जीवन के प्रति अद्भुत जिजीविषा रही है। राष्ट्र की सामाजिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विविधता में पूर्वोत्तर क्षेत्र का विशिष्ट योगदान रहा है। यहां के लोगों ने अपनी स्वस्थ जीवन शैली से पूरे देश को राह दिखाई है।

नायडू ने कहा कि अपनी स्थापना के बाद से तीनों राज्यों ने विकास के जो प्रतिमान स्थापित किए हैं, उन पर सारे देश को गौरव है। मुझे विश्वास है कि भविष्य में भी यह विकास यात्रा निर्बाध चलती रहेगी। इस अवसर की हार्दिक बधाई।

उल्लेखनीय है कि पूर्वोत्तर क्षेत्र (पुनर्गठन) अधिनियम 1971 के तहत मणिपुर, मेघालय और त्रिपुरा को 21 जनवरी 1972 को अलग राज्य का दर्जा दिया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *