लद्दाख में खोला जाएगा भारत का सबसे बड़ा आइस हॉकी केंद्र : रिजिजू

-खेलमंत्री ने लेह-लद्दाख में खेल के बुनियादी ढांचे के विकास का दिया आश्वासन

नई दिल्ली, 21 जनवरी (हि.स.) । केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में चल रहे खेलो इंडिया विंटर गेम्स में गुरुवार को केंद्रीय खेल और युवा मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू शामिल हुए। यहां खिलाड़ियों एवं अधिकारियों को संबोधित करते हुए रिजिजू ने एक बार फिर केंद्र शासित प्रदेशों में खेल सुविधाओं का निर्माण करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

खेल मंत्री रिजिजू ने कहा कि सरकार लेह और लद्दाख के हर गांव में खेल सुविधाओं का निर्माण करने को प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि अगले दो से ढाई वर्षों में कारगिल, लेह और आसपास के सभी छोटे जिलों में खेल सुविधाओं को बेहतर किया जाएगा।

रिजिजू ने कहा, ‘घाटी के दोनों केंद्र शासित प्रदेशों में हमारी कोशिश एस्ट्रो टर्फ, एथलेटिक्स सिंथेटिक ट्रैक, तीरंदाजी केंद्र खोलने की है, जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा भारत का सबसे बड़ा आइस हॉकी केंद्र भी लद्दाख में खोला जाएगा।’

उल्लेखनीय है कि जांस्कर विंटर स्पोर्ट्स एंड यूथ फ़ेस्टिवल-2021 बीते 18 जनवरी से शुरू है और 30 जनवरी तक जारी रहेगा। केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख की सुरम्य ज़ांस्कर घाटी में बाहरी गतिविधियों की मेजबानी की जाती है। लद्दाख प्रशासन द्वारा आयोजित पहले ज़ांस्कर शीतकालीन खेल और युवा महोत्सव का मुख्य आकर्षण चडार ट्रेक, स्नो स्कीइंग, स्नो स्कूटर, हाइकिंग और आइस हॉकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *