भाजपा को रोक नहीं पाएगी टीएमसी : शेखावत

केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री ने कार्यकर्ताओं के साथ किया घर-घर सम्पर्क


जोधपुर, 11 जनवरी ( हि.स.)। केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने पश्चिम बंगाल प्रवास के दूसरे दिन सोमवार को भाजपा के अनेक कार्यक्रमों में शिरकत कर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। दमदम विधानसभा में गृह संपर्क अभियान के तहत घर-घर जाकर आमजन से मुलाकात की और पार्टी का सन्देश पहुंचाया।

केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने दमदम स्थित हनुमान मंदिर के दर्शन कर हनुमान जी से क्षेत्रवासियों की सुख समृद्धि की प्रार्थना की। तत्पश्चात मंत्री ने क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर उन्हें संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रचार अभियान के साथ यह बात और अधिक स्पष्ट होती जा रही है कि सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस पार्टी द्वारा भाजपा को रोकने के प्रयास विफल हो रहे हैं। वो भाजपा को रोक नहीं पाएगी। सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस पार्टी के ऐसे विफल प्रयास पश्चिम बंगाल की जनता में भाजपा के प्रति अनुराग को बढ़ा रहे हैं।

शेखावत ने बाद में आम कार्यकर्ता के घर सहज सम्पर्क और परिवार के साथ समय बिताया और उनके बीच बैठकर भी भोजन किया। शेखावत ने समाज के प्रबुद्घ लोगों, वकीलों, डॉक्टरों के समूहों के साथ चर्चा की। मंत्री शेखावत को सभी वर्ग के प्रबुद्धजनों ने भाजपा का साथ देने के लिए प्रतिबद्धता जताई।

के जी पीके गुहा रोड और दमदम कैंट के कई क्षेत्रों में उन्होंने घर-घर जाकर मतदाताओं से चर्चा की। उन्हें भाजपा के मिशन और विजन के विषय में बताया और विगत एक दशक के शासन में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल सरकार की नाकामियों को उजागर किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली राजग सरकार की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया।

जन संपर्क अभियान के दौरान उनसे अपार संख्या में मुलाकात करने वाले लोगों ने अपने अपने क्षेत्र की समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। केंद्रीय मंत्री से लोगों ने उन समस्याओं के जल्द निवारण का आग्रह किया। स्थानीय लोगों ने उनसे कहा कि वोट देने की जिम्मेदारी हमारी है और हमारे क्षेत्र की समस्याओं का समाधान करना आप की जिम्मेदारी है।

केंद्रीय मंत्री ने दमदम कैंट स्थित सुकांतो पल्ली खेलार माठ और आर्मेनियन घाट के समीप स्ट्रैंड रोड पर गंगा सागर मेला शिविर का भी दौरा किया। समाज के प्रबुद्ध लोगों, वकीलों, डॉक्टरों के समूहों के साथ भी उन्होंने चर्चा की। सभी वर्ग के लोगों ने भाजपा का साथ देने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *