नई दिल्ली, 05 जनवरी (हि.स.)। भारत में ब्रिटेन से लौटे यात्रियों में कोरोना के नए स्ट्रेन से अब तक 58 लोग संक्रमित पाए गए हैं। देश में मंगलवार को ब्रिटेन म्यूटेंट स्ट्रेन के 20 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही संक्रमितों की संख्या बढ़कर 58 हो गई है। सभी 20 नए मामले पुणे की लैब में मिले हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार ब्रिटेन के नए स्ट्रेन के साथ अब तक देश में कुल 58 नमूनों में इसकी पुष्टि हुई है। ब्रिटेन स्ट्रेन के तेजी से फैलने से स्वास्थ्य मंत्रालय की चिंताएं बढ़ गई हैं। सरकार के अनुसार संक्रमित लोगों के साथ यात्रा करने वालों और उनके परिवार के सदस्यों के साथ-साथ अन्य संपर्कों का पता लगाने के लिए बड़े पैमाने पर अभियान चलाया जा रहा है ताकि इसके संक्रमण को रोका जा सके। मंगलवार को प्रेस वार्ता में नीति आयोग के सदस्य डॉ. वीके पॉल ब्रिटेन से लौटे 71 लोगों के आसोलेशन में होने की बात कही हैं।