इफ्फी में दिखाई गई पाञ्चजन्य की डॉक्यूमेंट्री ‘अमिट अटल’, अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन के अनछुए पहलुओं को किया गया प्रस्तुत

पणजी, 25 नवंबर (हि.स.)। गोवा में आयोजित 57वें भारत अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) में बुधवार को पाञ्चजन्य की डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘अमिट अटल’ का प्रदर्शन किया गया। भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन, व्यक्तित्व और कृतित्व पर आधारित इस फिल्म का निर्देशन पाञ्चजन्य के संपादक हितेश शंकर ने किया है। फिल्म में वाजपेयी के स्वयंसेवक, प्रचारक, कवि, पत्रकार, संपादक और प्रधानमंत्री बनने तक की यात्रा के विभिन्न पहलुओं को प्रस्तुत किया गया।

फिल्म में अटल बिहारी वाजपेयी से जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं और उनके साथ काम करने वाले लोगों के संस्मरणों के माध्यम से उनके जीवन को समझने का प्रयास किया गया है। पाञ्चजन्य के संस्थापक संपादक रहे वाजपेयी ने लेखन, कविता और अपने प्रभावी भाषणों के जरिए देश और विदेश में अलग पहचान बनाई थी। डॉक्यूमेंट्री में उनके राजनीतिक जीवन के साथ-साथ विभिन्न विचारधाराओं के बीच संवाद बनाए रखने और अपने सिद्धांतों पर कायम रहने के पहलुओं को भी दिखाया गया है।

फिल्म के निर्देशक हितेश शंकर ने कहा कि अटलजी पाञ्चजन्य के पहले संपादक थे। उनके साथ काम करने वाले लोगों की स्मृतियों के जरिए फिल्म में उनके बचपन से प्रधानमंत्री बनने तक की यात्रा को समझने की कोशिश की गई है। उनकी विशेष रुचि इस बात को सामने लाने में थी कि गहरे राजनीतिक मतभेदों के बावजूद अटलजी संवाद कैसे बनाए रखते थे और अपने सिद्धांतों पर कैसे टिके रहते थे।

फिल्म के निर्माता संजय जौहरी ने कहा कि बतौर निर्माता अपनी पहली फिल्म के लिए उन्होंने अटलजी के जीवन को चुना, क्योंकि इससे राष्ट्रवाद पर एक जरूरी बातचीत शुरू होती है। देश के भविष्य को लेकर अलग-अलग राय होने के बावजूद देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी कैसे निभाई जाए, यह फिल्म इस सवाल को सामने रखती है। भारतीय पैनोरमा में फिल्म के चयन को उन्होंने इस सवाल को नए दर्शकों तक पहुंचाने का अवसर बताया।

पाञ्चजन्य की इससे पहले बनी डॉक्यूमेंट्री ‘विभाजन की विभीषिका : अनकही कहानियां’ की भी इफ्फी में स्क्रीनिंग हो चुकी है। वर्ष 2022 में इस फिल्म को महोत्सव के भारतीय पैनोरमा खंड की गैर-फीचर श्रेणी में चुना गया था। करीब 30 मिनट की यह हिंदी डॉक्यूमेंट्री 1947 के भारत विभाजन की त्रासदी और विस्थापितों के अनुभवों पर आधारित है। इसका निर्देशन भी हितेश शंकर ने किया था।

वर्ष 1952 में स्थापित इफ्फी एशिया के सबसे पुराने अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सवों में शामिल है। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से गोवा सरकार और एंटरटेनमेंट सोसाइटी ऑफ गोवा के सहयोग से आयोजित इस महोत्सव में भारतीय और अंतरराष्ट्रीय सिनेमा की फिल्मों का प्रदर्शन किया जाता है। इफ्फी 2026 में स्पेन को सम्मानित देश और रूस को साझेदार देश के रूप में शामिल किया गया है।

महोत्सव में स्पेन की चार फिल्मों का प्रदर्शन किया जा रहा है। इनमें जैमे लोरेंटे के निर्देशन में बनी ‘द बैड सन’, पेद्रो अल्मोदवार की ‘त्रिनिदाद’ और ‘बिटर क्रिसमस’ तथा जैमे माचिया की ‘पर्सेगुइएंदो अ माइकल’ शामिल हैं। वहीं, रूस की ओर से भी चार फिल्मों की विशेष प्रस्तुति रखी गई है। इनमें अनास्तासिया कुजिना की ‘फोर’, ‘न्यू होम’, ‘बो बो’ और ‘सिडनी ल्यूमेट्स बर्थडे’ शामिल हैं। इनके जरिए रूसी सिनेमा की विविधता, वहां के फिल्म निर्माण और भारत-रूस के सांस्कृतिक संबंधों को प्रस्तुत किया जा रहा है।

Leave a Reply