गुरु नानक जयंती पर डानकुनी गुरुद्वारे पहुंचे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, अर्पित की श्रद्धांजलि

कोलकाता, 24 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को सिख धर्म के संस्थापक एवं प्रथम गुरु गुरु नानक देव की 557वीं जयंती के अवसर पर डानकुनी स्थित एक गुरुद्वारे का दौरा किया। वहां उन्होंने गुरु नानक देव को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की और सिख समुदाय के सभी लोगों को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारे में आयोजित सिख समुदाय के धार्मिक अनुष्ठानों और कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया।

इससे पहले सुबह मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर गुरु नानक देव के आदर्शों को याद किया और सभी को गुरुपर्व की बधाई दी। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि सिख धर्म के प्रवर्तक परमपूज्य गुरु नानक देव जी की 557वीं जन्मजयंती पर वे उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि और प्रणाम अर्पित करते हैं। उन्होंने लिखा कि गुरु नानक देव जी द्वारा प्रदर्शित सत्य, समानता, मानवता, भाईचारे और सेवा के आदर्श सभी को शांति, सद्भाव और मानव कल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। संदेश के अंत में उन्होंने सिख समुदाय के पवित्र उद्घोष ‘वाहे गुरु जी का खालसा, वाहे गुरु जी की फतेह’ के माध्यम से अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी इससे पहले भी कई बार विभिन्न गुरुद्वारों का दौरा कर चुके है। राज्य सरकार की ओर से गुरूद्वारों को आवश्यक सहयोग भी प्रदान करते रहे हैं।

गौरतलब है कि गुरु नानक देव का जन्म वर्ष 1469 में वर्तमान पाकिस्तान के ननकाना साहिब में हुआ था। उन्हें सिख धर्म का संस्थापक और दस सिख गुरुओं में प्रथम माना जाता है। उनकी शिक्षाओं में ईश्वर की भक्ति, सत्य, समानता, मानव सेवा और आपसी भाईचारे पर विशेष बल दिया गया है। उनकी जयंती को गुरु नानक गुरुपर्व अथवा प्रकाश पर्व के रूप में मनाया जाता है, जिस अवसर पर देश-विदेश के गुरुद्वारों में विशेष प्रार्थना, कीर्तन, नगर कीर्तन और लंगर का आयोजन किया जाता है।

Leave a Reply