मुंबई में 18 से 20 दिसंबर तक आयोजित होगी चौथी विश्व हिंदू कांग्रेस

-60 से अधिक देशों के 4,500 प्रतिनिधि लेंगे हिस्सा- संघ प्रमुख मोहन भागवत उद्घाटन सत्र में देंगे मार्गदर्शक संबोधन, 45 से अधिक विचार सत्र होंगे आयोजित

बेंगलुरु, 23 नवंबर (हि.स.)। दुनिया भर में रहने वाले हिंदू समाज के नेताओं, विचारकों, उद्यमियों और विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को एक मंच पर लाने वाली चौथी विश्व हिंदू कांग्रेस (डब्ल्यूएचसी-2026) आगामी 18 से 20 दिसंबर तक मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होगी। इसमें 60 से अधिक देशों के 4,500 से ज्यादा प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।

विश्व हिंदू कांग्रेस के सूत्रधार एवं विश्व हिंदू परिषद के संयुक्त महासचिव स्वामी विज्ञानानंद ने सोमवार को बेंगलुरु के जयनगर स्थित आरम एक्सपीरियंस सेंटर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में इसकी जानकारी दी। उन्होंने सम्मेलन के उद्देश्यों, स्वरूप और तैयारियों का विवरण देते हुए बताया कि तीन दिवसीय आयोजन में हिंदू समाज के नेता, विचारक, उद्यमी, पेशेवर और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि समाज के वर्तमान और भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में मार्गदर्शक संबोधन देंगे। आयोजन के दौरान 45 से अधिक विचार सत्र होंगे, जिनमें 150 से ज्यादा प्रमुख हस्तियां और विषय विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे। अर्थव्यवस्था, राजनीति, शिक्षा, युवा शक्ति, हिंदू संगठन, महिला सशक्तीकरण और मीडिया सहित विभिन्न क्षेत्रों के विषयों पर चर्चा होगी।

स्वामी विज्ञानानंद ने कहा कि विश्व के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले हिंदू समाज को एक मंच पर एकत्रित कर सामूहिक प्रतिबद्धता और साझा संकल्प पर विचार करने का अवसर देना इस सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य है। इसके माध्यम से यह निर्धारित करने का प्रयास होगा कि हिंदू समाज भविष्य में किस दिशा में आगे बढ़े और वैश्विक प्रगति में किस प्रकार प्रभावी योगदान दे सके।

उन्होंने बताया कि इस बार सम्मेलन में धर्म, समाज, विश्वकर्मा और भाषा विषयों पर चार विशेष महासत्र आयोजित किए जाएंगे। धर्म महासत्र में हिंदू आध्यात्मिक परंपराओं और मूल्यों, समाज महासत्र में सामाजिक एकता एवं समरसता, विश्वकर्मा महासत्र में कौशल, उद्यमिता और आर्थिक अवसरों तथा भाषा महासत्र में भाषाओं और भाषाई परंपराओं के संरक्षण पर विचार-विमर्श होगा।

विश्व हिंदू कांग्रेस 2026 का ध्येय वाक्य ‘समानं व्रतं सह चित्तं’ रखा गया है। इसका मूल भाव सामूहिक प्रतिबद्धता और एकजुट संकल्प है।

स्वामी जी ने बताया कि दुनिया के करीब 180 देशों में 120 करोड़ से अधिक हिंदू रहते हैं। विभिन्न देशों, भाषाओं, संस्कृतियों और व्यवसायों से जुड़े इस विशाल समुदाय के नेताओं, विचारकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और संगठनों को एक मंच पर लाना सम्मेलन का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।

चार वर्ष में एक बार आयोजित होने वाली विश्व हिंदू कांग्रेस इससे पहले 2014 में नई दिल्ली, 2018 में अमेरिका के शिकागो और 2023 में थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में आयोजित हो चुकी है।

इस बार सम्मेलन का एक प्रमुख आकर्षण पहली बार आयोजित होने वाला विश्व हिंदू एक्सपो होगा। स्वामी जी ने बताया कि इसका उद्देश्य हिंदू समाज की आर्थिक शक्ति को बढ़ावा देना, व्यापार एवं वाणिज्यिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करना और विभिन्न उद्योगों के बीच नए संपर्क तथा सहयोग के अवसर विकसित करना है। इसके माध्यम से समुदाय की आर्थिक समृद्धि और विकास के लिए नए अवसर सृजित करने का प्रयास किया जाएगा।

विश्व हिंदू कांग्रेस 2026 में प्रशासन, राजनीति, उद्योग, अर्थव्यवस्था, प्रौद्योगिकी, मीडिया, शिक्षा, संस्कृति और आध्यात्मिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियां भाग लेंगी। अब तक भागीदारी की पुष्टि करने वालों में संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव स्वामी गोविंद देव गिरि, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शामिल हैं।

इसके अलावा फिल्म निर्देशक विशाल चतुर्वेदी, गीतकार एवं कवि मनोज मुंतशिर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के प्रबंध निदेशक आशीष कुमार चौहान, बृहन्मुंबई महानगरपालिका की आयुक्त अश्विनी भिडे, केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण के अध्यक्ष घनश्याम प्रसाद, नीति आयोग के सदस्य प्रो. अभय करंदीकर और प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य संजीव सान्याल भी शामिल होंगे।

अग्निकुल कॉसमॉस के सह-संस्थापक श्रीनाथ रविचंद्रन, रिन्यू के संस्थापक सुमंत सिन्हा, सर्वम एआई के सह-संस्थापक विवेक राघवन, बैलिस्टिक लर्निंग सिस्टम्स की मुख्य कार्यकारी अधिकारी मल्लिका बजाज, आरपी-संजीव गोयनका समूह के उपाध्यक्ष शाश्वत गोयनका, युलु बाइक के सह-संस्थापक आर.के. मिश्रा, इंडियन ओवरसीज बैंक के प्रबंध निदेशक अजय कुमार श्रीवास्तव, लेखक राजीव मल्होत्रा, जोहो के संस्थापक श्रीधर वेम्बु और सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के कार्यकारी निदेशक उमेश शालिग्राम ने भी सम्मेलन में शामिल होने की पुष्टि की है।

ब्रिटेन के प्रो. नवल प्रिंजा, ट्रांसेंडेंटल मेडिटेशन के प्रमुख टोनी नाडर, हिंदू यूनिवर्सिटी ऑफ अमेरिका की डॉ. एस्थर धनराज और जे. कुमार इंफ्राप्रोजेक्ट्स के निदेशक नलिन जे. गुप्ता भी सम्मेलन में भाग लेंगे।

आयोजकों के अनुसार, विश्व हिंदू कांग्रेस 2026 विभिन्न देशों में सक्रिय हिंदू नेताओं, संगठनों और संस्थाओं के बीच संपर्क, विचारों के आदान-प्रदान और आपसी सहयोग को मजबूत करने का महत्वपूर्ण मंच बनेगी। सम्मेलन में हिंदू समाज के सामने मौजूद अवसरों और चुनौतियों पर चर्चा के साथ भविष्य की दिशा तय करने तथा वैश्विक विकास में उसके योगदान को अधिक प्रभावी बनाने के उपायों पर भी मंथन होगा।

Leave a Reply