- 24 समानांतर सत्रों में होगा लोकविमर्श, रोमा-यजीदी समुदायों के प्रतिनिधि होंगे शामिल
जयपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। लोकमंथन का पांचवां संस्करण 4, 5 और 6 दिसंबर को जयपुर के जवाहर कला केंद्र में होगा। इसके माध्यम से प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं, लोक कलाओं, भाषाओं और पारंपरिक ज्ञान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी। देश के विभिन्न हिस्सों के साथ विदेशों से भी प्रतिनिधि शामिल होंगे। ‘हम भारत के लोग’ थीम पर आधारित लोकमंथन का उद्देश्य नई पीढ़ी को सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना और भारतीय विरासत का संरक्षण एवं संवर्धन करना है।
प्रज्ञा प्रवाह के राष्ट्रीय संयोजक एवं लोकमंथन स्वागत समिति के महासचिव जे. नंदकुमार और राजस्थान की उप मुख्यमंत्री एवं लोकमंथन आयोजन समिति की अध्यक्ष दिया कुमारी ने बुधवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, अयोध्या स्थित श्रीहनुमत निवास के पीठाधीश्वर आचार्य मिथिलेशनन्दिनीशरण, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह अरुण कुमार, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वक्ताओं में जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष हर्ष चौहान और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत समेत कई प्रख्यात व्यक्तित्व शामिल होंगे। कार्यक्रम में देश भर से दो हज़ार से अधिक चयनित प्रतिभागी और प्रतिनिधि शामिल होंगे।
जे. नंदकुमार ने बताया कि लोकमंथन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि लोकजीवन, लोकचेतना और भारतीय ज्ञान परंपरा को राष्ट्रीय विमर्श में उचित स्थान दिलाने का व्यापक प्रयास है। इसका मूल उद्देश्य लोक और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद का सेतु बनाना तथा लोक के अनुभव, ज्ञान और परंपराओं को आधुनिक अकादमिक एवं बौद्धिक विमर्श से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि लोक का अर्थ केवल ग्रामीण या जनजातीय समाज नहीं, बल्कि भारत की मौलिक संस्कृति है, जो देश के अतीत, वर्तमान और भविष्य को जोड़ती है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 में भोपाल से शुरू हुई लोकमंथन की यात्रा रांची, गुवाहाटी और भाग्यनगर (हैदराबाद) होते हुए अब जयपुर पहुंची है। पिछले चार आयोजनों से लोक संस्कृति, लोक कलाकारों और पारंपरिक ज्ञान को राष्ट्रीय विमर्श में अधिक स्थान मिला है तथा हाशिये पर रही परंपराएं व्यापक समाज के सामने आई हैं।
इस बार आयोजन में लोकशिक्षा, लोकस्वास्थ्य, लोकसंवाद और भारतीय खेल परंपराओं सहित विविध विषयों पर 24 समानांतर सत्र होंगे। प्रत्येक सत्र डेढ़ से दो घंटे का होगा, जिसमें लोक परंपराओं के वास्तविक प्रतिनिधि अपने अनुभव रखेंगे। इसके बाद अकादमिक जगत के विद्वान, वैज्ञानिक, तकनीकी विशेषज्ञ और नीति निर्माता उनसे संवाद करेंगे। चर्चाओं के निष्कर्षों से लोकशिक्षा, लोकस्वास्थ्य, पाठ्यक्रम निर्माण और आगे के शोध के लिए सुझाव तैयार किए जाएंगे। समानांतर सत्रों में लोक शिक्षा, लोक स्वास्थ्य, लोक संवाद, लोक विज्ञान, लोक कला, लोक विमर्श, खेलों की भारतीय दृष्टि, भरतीय मौसम अनुमान आदि विषयों के विद्वान सम्मिलित होंगे।
उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय सहभागिता भी इस बार की खास पहचान होगी। देश के विभिन्न हिस्सों के साथ विदेशों से भी प्रतिनिधि शामिल होंगे। रोमा, यजीदी और लातविया जैसे क्षेत्रों और समुदायों की सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़े प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जा रहा है, जिससे विश्व की प्राचीन संस्कृतियों के साझा तत्वों पर संवाद संभव होगा। पंजीकरण सभी के लिए खुला है।
दिया कुमारी ने कहा कि ‘हम भारत के लोग’ थीम पर आधारित लोकमंथन का उद्देश्य नई पीढ़ी को सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना और भारतीय विरासत का संरक्षण एवं संवर्धन करना है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी पश्चिमी प्रभाव और औपनिवेशिक मानसिकता से प्रभावित रही है, लेकिन अब नई शिक्षा नीति और राज्य सरकार के प्रयासों से भारतीय संस्कृति, इतिहास और लोक परंपराओं को उचित स्थान मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि लोकमंथन के संदेश को गांव-ढाणियों तक पहुंचाने के लिए राजस्थान में तीन चरणों में लोकदर्शन यात्रा आयोजित की गई। लगभग 8 हजार किलोमीटर की इस यात्रा ने प्रदेश के सभी 41 जिलों और सैकड़ों गांवों को जोड़ा। इस दौरान लोकगीत, लोकनृत्य, हस्तशिल्प प्रदर्शनी, महिला सम्मेलन, युवा संवाद और ग्राम दर्शन जैसे कार्यक्रम हुए, जिनसे ग्रामीण प्रतिभाओं और स्थानीय कलाकारों को मंच मिला।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि लोकमंथन में केवल भाषण नहीं, बल्कि संवादात्मक सत्र होंगे, जहां युवा और महिलाएं खुलकर अपने विचार रख सकेंगे। उन्होंने कहा कि ‘लोक से लोकचेतना, लोकचेतना से लोकशक्ति और लोकशक्ति से राष्ट्रशक्ति’ के मंत्र को साकार करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
