आरसीबी को रोमारियो शेफर्ड को रिलीज करने की जरूरत नहीं : आकाश चोपड़ा

नई दिल्ली, 17 नवंबर (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सत्र के लिए खिलाड़ियों को रिटेन करने की अंतिम तारीख से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के पास अन्य टीमों की तुलना में ज्यादा माथापच्ची करने की जरूरत नहीं है। दो बार की मौजूदा चैंपियन आरसीबी की नजरें खिताब की हैट्रिक लगाने पर हैं। इस बीच पूर्व भारतीय क्रिकेटर और विशेषज्ञ आकाश चोपड़ा ने कहा है कि टीम को रोमारियो शेफर्ड को रिलीज करने की जरूरत नहीं है। डेढ़ करोड़ रुपये की कीमत पर उन्हें टीम में बनाए रखना सही फैसला होगा।

जियोस्टार के कार्यक्रम ‘गेम प्लान’ में आकाश चोपड़ा और अभिनव मुकुंद ने आईपीएल 2027 के लिए आरसीबी के संभावित रिटेंशन और रिलीज को लेकर अपनी राय रखी। इसमें जोश हेजलवुड और रोमारियो शेफर्ड को लेकर टीम के फैसलों पर भी चर्चा हुई।

आकाश चोपड़ा ने कहा कि आरसीबी के लिए खिलाड़ियों को रिटेन करने का काम काफी आसान होना चाहिए। उन्होंने कहा, “उन्हें तो बस दर्शक बनकर आना चाहिए। बड़ी नीलामी के बाद अगर कोई टीम चैंपियन बनती है, तो उसके पास अपने प्रदर्शन को दोहराने का सबसे अच्छा मौका होता है और आरसीबी ने ऐसा ही किया है। पहले साल चैंपियन बनने के बाद उन्होंने दूसरे साल भी ट्रॉफी जीत ली। वे पहले ही अपना प्रदर्शन दोहरा चुके हैं और अब खिताबी हैट्रिक की बात कर रहे हैं। शायद यश दयाल को छोड़कर किसी भी खिलाड़ी को बाहर करने का सवाल नहीं उठता। उन्होंने उत्तर प्रदेश के लिए फिर से खेलना शुरू कर दिया है, इसलिए शायद हमें उन्हें भी टीम में बनाए रखना चाहिए।”

हेजलवुड की उपलब्धता पर बातचीत जरूरी

जोश हेजलवुड को टीम में बनाए रखने के सवाल पर चोपड़ा ने कहा कि आरसीबी को पहले उनसे बातचीत करनी चाहिए। उन्होंने कहा, “मैं जोश हेजलवुड को रिटेन करूंगा। आपको उनसे बातचीत करनी होगी। वह अकेले नहीं हैं, पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क और हेजलवुड तीनों ऐसे खिलाड़ी हैं। इसलिए इन सभी खिलाड़ियों की फ्रेंचाइजी को उनके भविष्य के कार्यक्रम और खेलने की योजना के बारे में बात करनी चाहिए। अगर हेजलवुड आईपीएल में खेलने की योजना बना रहे हैं, भले ही वह आधा सत्र ही खेलें, तो उन्हें रिटेन करना चाहिए। लेकिन अगर वह खेलने को लेकर निश्चित नहीं हैं, तो फिर उन्हें रिलीज करने के अलावा कोई विकल्प नहीं होगा।”

डेढ़ करोड़ रुपये में शेफर्ड को बनाए रखने के पक्ष में चोपड़ा

रोमारियो शेफर्ड को लेकर चोपड़ा ने कहा कि वह आरसीबी के लिए चौथे विदेशी खिलाड़ी के स्थान पर कमजोर कड़ी रहे, लेकिन इसके बावजूद टीम चैंपियन बनी। उन्होंने कहा, “वास्तव में आरसीबी की कमजोर कड़ी चौथे विदेशी खिलाड़ी का स्थान था और इसके बावजूद उन्होंने चैंपियनशिप जीत ली। मुझे लगता है कि शेफर्ड का प्रदर्शन हमेशा कभी अच्छा तो कभी निराशाजनक रहेगा। लेकिन जब वह अच्छा खेलते हैं, तो बेहद शानदार खिलाड़ी साबित होते हैं। डेढ़ करोड़ रुपये की कीमत पर वह टीम के बजट पर ज्यादा बोझ नहीं डालते। अगर उनकी कीमत 15 करोड़ रुपये होती, तो मैं निश्चित रूप से कहता कि उन्हें रिलीज कर दो और बाजार में जाने दो, फिर देखते हैं क्या होता है। लेकिन डेढ़ करोड़ रुपये में मैं कहूंगा कि उन्हें टीम में बनाए रखो। जब कोई चीज खराब नहीं है, तो उसे ठीक करने की कोशिश क्यों करनी चाहिए?”

हेजलवुड को रिलीज करना बड़ी गलती होगी : मुकुंद

वहीं, अभिनव मुकुंद ने जोश हेजलवुड को पूरे सत्र के लिए उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में भी टीम में बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा, “अगर वह पूरे सत्र के लिए उपलब्ध नहीं भी होते हैं, तब भी मैं उन्हें रिलीज नहीं करूंगा। आईपीएल में ऐसे पांच या छह गेंदबाज ही हैं, जो आपके लिए इतने महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं। मैं जोफ्रा आर्चर, पैट कमिंस और जोश हेजलवुड जैसे विदेशी गेंदबाजों की बात कर रहा हूं। हेजलवुड भी उन्हीं में से एक हैं। मैं यह भी सोच रहा हूं कि आप हेजलवुड को रिलीज करके उन्हें नीलामी में क्यों भेजना चाहेंगे, ताकि कोई दूसरी टीम उन्हें खरीद ले? आपको पता है कि उनके साथ किस तरह की योजना काम करती है।”

उन्होंने आगे कहा, “चिन्नास्वामी में आरसीबी को लंबे समय तक जीत हासिल करने में परेशानी हुई है, लेकिन जोश हेजलवुड ने यह काम आपके लिए कर दिखाया है। इसलिए भले ही यह एशेज का साल हो, मैं उन्हें टीम में बनाए रखूंगा। मैं शायद रीस टॉप्ली और नुवान तुषारा को रिलीज करूंगा और हेजलवुड के विकल्प के तौर पर अन्य गेंदबाजों की तलाश करूंगा। मंगेश यादव को रिलीज करने से जो पैसा उपलब्ध हो सकता है, उसका इस्तेमाल भी बैकअप विकल्प तलाशने में किया जा सकता है।”

आईपीएल 2027 के लिए खिलाड़ियों को रिटेन करने की घोषणा 17 नवंबर को जियोहॉटस्टार और स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देखी जा सकेगी।

Leave a Reply